चंदौली में अवैध खनन पर टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, 4 दिन में 28 ट्रक जब्त, 2.5 लाख रुपये जुर्माना वसूला

90

चंदौली में अवैध खनन पर टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, 4 दिन में 28 ट्रक जब्त, 2.5 लाख रुपये जुर्माना वसूला

चंदौली : जनपद में अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। डॉ. सर्वेश गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर गठित संयुक्त टास्क फोर्स ने बीते चार दिनों में 28 ट्रकों को जब्त किया है।

प्रशासन द्वारा गठित इस विशेष टास्क फोर्स में परिवहन, खनन, सेल टैक्स, जिला एवं तहसील प्रशासन के साथ पुलिस विभाग के अधिकारियों को शामिल किया गया है, जिसका उद्देश्य जनपद में अवैध खनन और उसके परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

25 मई की रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 13 ट्रकों को पकड़ा गया, जिनमें 3 ट्रक ओवरलोड पाए गए, जबकि 10 ट्रकों को अवैध खनन और सेल टैक्स चोरी के आरोप में जब्त किया गया।

अभियान के तहत अब तक लगभग 2.5 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क वसूला जा चुका है। साथ ही संबंधित वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन परमिट निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल अवैध खनन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट, गलत नंबर प्लेट, गलत पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विशेष रूप से खनन कार्य में लगे ट्रैक्टरों से बढ़ रही दुर्घटनाओं और कर चोरी को देखते हुए बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टरों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जनपद में अवैध रूप से संचालित, ओवरलोड और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान और जब्ती की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।