कांग्रेस नेताओं ने यूपीपीसीएस में सफल बृजेन्द्र शरण त्रिपाठी को किया सम्मानित
चंदौली : जिले में प्रतिभाओं के सम्मान का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यूपीपीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर सहायक आयुक्त बने बृजेन्द्र शरण त्रिपाठी के आवास पर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र और पुष्प गुच्छ भेंट कर उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया गया।
सम्मान समारोह के दौरान अरुण द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से प्रतिभाओं के सम्मान और प्रोत्साहन की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि आज के समय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन के लिए अपने घर-परिवार से दूर बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है, जहां उन्हें भारी खर्च का सामना करना पड़ता है।
कहा कि यदि ऐसी सुविधाएं जनपद स्तर पर ही उपलब्ध हो जाएं तो स्थानीय प्रतिभाओं को निखरने का बेहतर अवसर मिल सकता है और वे भी बड़े पदों पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने बृजेन्द्र शरण त्रिपाठी की सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से जिले के अन्य छात्र-छात्राओं को भी कड़ी मेहनत और लगन से आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर नवीन पाण्डेय, संतोष तिवारी, प्रभु नारायण तिवारी, रिंकू, राकेश पाठक, संतोष चौबे, रामधार यादव सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने बृजेन्द्र शरण त्रिपाठी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


















