लगातार तीसरे महीने अव्वल रही चंदौली पुलिस, शिकायत निस्तारण में प्रदेश में प्रथम

44

लगातार तीसरे महीने अव्वल रही चंदौली पुलिस, शिकायत निस्तारण में प्रदेश में प्रथम

चंदौली : जनपद चंदौली पुलिस ने एक बार फिर उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय देते हुए समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) के तहत प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि चंदौली पुलिस लगातार तीसरे माह ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश में शीर्ष पर रही है।

माह मार्च 2026 की जारी रैंकिंग में चंदौली जनपद ने 125 में से 125 अंक प्राप्त करते हुए 100 प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि प्रदेश सरकार की “शून्य सहनशीलता” नीति के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाती है।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के नेतृत्व में जनपद पुलिस द्वारा जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस कार्यालय में गठित आईजीआरएस सेल के माध्यम से शिकायतों को संबंधित थानों पर ऑनलाइन भेजा जाता है, जहां समयबद्ध जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाती है।

इसके साथ ही आवेदकों से फीडबैक लेकर यह भी सुनिश्चित किया जाता है कि वे की गई कार्रवाई से संतुष्ट हैं या नहीं। इस प्रक्रिया से न केवल शिकायतों का समय पर निस्तारण हो रहा है, बल्कि पुलिस कार्यवाही की गुणवत्ता भी बेहतर हो रही है।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा प्रदेश के सभी जनपदों के जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का नियमित मूल्यांकन किया जाता है।

इसी मूल्यांकन के आधार पर जारी मार्च 2026 की रैंकिंग में चंदौली पुलिस ने 100 प्रतिशत निस्तारण के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर जनपद का मान बढ़ाया है। जनपद पुलिस की इस उपलब्धि से जहां आमजन में विश्वास बढ़ा है, वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी इसकी सराहना की जा रही है।