सकलडीहा की विद्युत समस्या को लेकर शक्ति भवन पहुंचे भाजपा नेता अरविंद पाण्डेय, एमडी यूपीपीसीएल से की मुलाकात, विद्युत कर्मियों की मनमानी और उपभोक्ता शोषण का उठाया मुद्दा

146

सकलडीहा की विद्युत समस्या को लेकर शक्ति भवन पहुंचे भाजपा नेता अरविंद पाण्डेय, एमडी यूपीपीसीएल से की मुलाकात, विद्युत कर्मियों की मनमानी और उपभोक्ता शोषण का उठाया मुद्दा

चंदौली : सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही विद्युत समस्याओं और उपभोक्ताओं की शिकायतों को लेकर भाजपा नेता अरविंद पाण्डेय ने शुक्रवार शाम राजधानी लखनऊ स्थित शक्ति भवन पहुंचकर उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक आईएएस नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सकलडीहा विद्युत वितरण प्रखंड तृतीय के अंतर्गत आने वाले विभिन्न पावर हाउसों में व्याप्त विद्युत अनियमितताओं, कर्मचारियों की मनमानी और उपभोक्ताओं के शोषण से जुड़े गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

बिजली रोस्टर में हेराफेरी का आरोप

भाजपा नेता अरविंद पाण्डेय ने प्रबंध निदेशक को अवगत कराया कि सकलडीहा और चहनिया पावर हाउस में तैनात कुछ विद्युत कर्मचारी सरकार की मंशा के विपरीत कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर बिजली रोस्टर में हेराफेरी की जा रही है, जिससे आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों में भारी नाराजगी है।

विद्युत विभाग में अवैध वसूली और दुर्व्यवहार का आरोप

उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग के कुछ कर्मचारियों द्वारा उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार, अवैध वसूली और अनावश्यक उत्पीड़न की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। इस संबंध में उन्होंने संबंधित दस्तावेज, ऑडियो और वीडियो साक्ष्य भी विभागीय अधिकारियों को उपलब्ध करा दिए हैं। अब पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक से मिलकर जांच समिति गठित कराए जाने की प्रक्रिया शेष है, ताकि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

विद्युत लोक शिकायत पटल बनाने का सुझाव

बैठक के दौरान अरविंद पाण्डेय ने विद्युत विभाग में “विद्युत लोक शिकायत पटल” बनाए जाने का सुझाव भी दिया, जिससे उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि इससे आम जनता को विभागीय स्तर पर न्याय मिलेगा और कर्मचारियों की जवाबदेही भी तय होगी।

ट्रांसफार्मर बदलने में देरी पर भाजपा नेता का सवाल

इसके अलावा उन्होंने ट्रांसफार्मर बदलने में हो रही देरी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर निर्माण करने वाली एजेंसियों की क्षमता का विस्तार बेहद जरूरी है, क्योंकि पर्याप्त क्षमता नहीं होने के कारण समय पर ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में कई-कई दिनों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है।

सरकार की मंशा के खिलाफ काम करने वालों पर होगी कार्रवाई

भाजपा नेता ने स्पष्ट कहा कि सरकार की मंशा के खिलाफ कार्य करने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए वे लगातार संघर्ष करते रहेंगे।
उनकी इस पहल से सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं में उम्मीद जगी है कि जल्द ही क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा।