जर्जर रेगुलेटर पुल धंसने से बढ़ा हादसे का खतरा, किसान विकास मंच का जोरदार प्रदर्शन
चंदौली : विकासखंड शहाबगंज अंतर्गत हड़ौरा गांव में सिंचाई विभाग की लापरवाही के खिलाफ किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। मामला केरायगांव ड्रेन पर बने रेगुलेटर पुल के धंसने का है, जिससे क्षेत्र में बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई है और आवागमन भी प्रभावित हो गया है।
बताया गया कि हड़ौरा में सिंचाई व्यवस्था के लिए बंधी डिवीजन द्वारा केरायगांव ड्रेन पर रेगुलेटर का निर्माण कराया गया था, जिसके ऊपर आवागमन हेतु पुल भी बनाया गया है। सैदूपुर से केरायगांव तक जाने वाली लेहरा शाख नहर रोड इसी पुल से होकर गुजरती है। यह स्थान सिंचाई के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां से हजारों बीघा कृषि भूमि तक पानी पहुंचता है।
किसानों के अनुसार, बीते 20 मई की रात भारी वाहनों के आवागमन के कारण रेगुलेटर पुल का हिस्सा धंस गया। हादसे की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों ने धंसे हुए स्थान पर लकड़ी और लाल कपड़ा लगाकर राहगीरों को सतर्क करने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही किसान विकास मंच के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मंच के मंत्री राम अनंत पांडेय ने कहा कि पुल की हालत अत्यंत जर्जर है और जब तक इसे तोड़कर नया पुल नहीं बनाया जाता, तब तक क्षेत्र में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
वहीं संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के इंजीनियर पंकज खेमका से वार्ता कर तत्काल मरम्मत की मांग की। उन्होंने कहा कि यह मार्ग लगभग 30 से 40 गांवों के लोगों के लिए तहसील, ब्लॉक और जिला मुख्यालय तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। पुल क्षतिग्रस्त होने से न केवल आवागमन बाधित हुआ है, बल्कि सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित होगी।
किसान विकास मंच के सलाहकार अशोक सिंह ने इस मामले की शिकायत CM Portal पर दर्ज कराते हुए बंधी डिवीजन के अधिशासी अभियंता सुरेश चंद्र से भी बातचीत की।
प्रधान प्रतिनिधि नित्यानंद ने क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह को भी समस्या से अवगत कराया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
इस दौरान अशोक कुमार सिंह, राम अनंत पांडेय, राम अवध सिंह, नित्यानंद, प्रेमनाथ सिंह, दूधनाथ यादव, अमित कुमार यादव, राम पुकार पांडेय, बिनोद खरवार, मुन्ना गुप्ता, अभिषेक कुमार, बुद्धू यादव, प्रदीप गुप्ता, मैनेजर शाह, छोटू मिश्र और राजीव सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


















