16 साल बाद पूरी होगी चहनियां के अस्पताल की आस, 12 महीने में तैयार होगा 20 बेड का अस्पताल

220

16 साल बाद पूरी होगी चहनियां के अस्पताल की आस, 12 महीने में तैयार होगा 20 बेड का अस्पताल

चंदौली : जनपद के चहनियां क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। करीब 16 वर्षों से अधर में लटका 20 बेड के अस्पताल निर्माण का सपना अब जल्द साकार होने जा रहा है। वर्ष 2009-10 में स्वीकृत यह परियोजना विभिन्न प्रशासनिक अड़चनों और एसआईटी जांच के कारण लंबे समय तक ठप पड़ी रही, लेकिन अब उत्तर प्रदेश शासन से नई प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है।

बताया जा रहा है कि स्थानीय विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव की पहल पर इस मामले को विधानसभा समिति में प्रमुखता से उठाया गया। समिति के सख्त रुख और लगातार प्रयासों के बाद शासन स्तर पर परियोजना को पुनः स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे वर्षों से लंबित यह योजना अब धरातल पर उतरने लगी है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अस्पताल के शेष निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है और बिड खोली जा चुकी है। शासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अनुबंध पर हस्ताक्षर होने के बाद अधिकतम 12 महीने के भीतर अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा कर उसे जनता के लिए शुरू किया जाए।

अस्पताल बनने से चहनियां सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब छोटी-बड़ी बीमारियों या आपात स्थिति में मरीजों को इलाज के लिए वाराणसी या जिला मुख्यालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।

क्षेत्रीय लोगों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे चहनियां क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताया है।