चंदौली में अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 15 पुरुषों समेत 33 गिरफ्तार, बंद पड़े रेस्टोरेंट में चल रहा था शराब की पैकिंग का खेल, 520 लीटर से अधिक अवैध शराब और 37,690 रुपये नकद बरामद
चंदौली : जिले की कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बंद पड़े एक रेस्टोरेंट में छापेमारी कर 15 पुरुषों और 18 महिलाओं समेत कुल 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 520.7 लीटर अवैध शराब, 37,690 रुपये नकद और शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे चार वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह पुलिस टीम के साथ सकलडीहा तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। बाइक चालक फरार हो गया, जबकि पीछे बैठा सुमंत कुमार निवासी वैशाली, बिहार गिरकर पकड़ा गया। तलाशी में उसके बैग से अवैध शराब मिली।
पूछताछ में सुमंत ने कस्बा चंदौली के वार्ड नंबर पांच स्थित बंद पड़े चंदौली रेस्टोरेंट में शराब की बड़ी खेप जमा होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल छापेमारी की। रेस्टोरेंट के अंदर पुरुष और महिलाएं शराब की बोतलों को विशेष तरीके से पैक करते मिले। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, तस्कर शराब की बोतलों को अखबार में लपेटकर बैग, सूटकेस, हैंडबैग और कपड़ों में छिपाते थे। इसके बाद छोटी-छोटी खेपों में सवारी ट्रेनों, बसों, टेंपो और दोपहिया वाहनों से बिहार पहुंचाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे।
बरामद शराब में सिग्नेचर, रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड, मैकडॉवेल्स, ऑफिसर चॉइस सहित विभिन्न ब्रांडों की कुल 2,234 बोतलें, टेट्रा पैक और पाउच शामिल हैं। पुलिस ने टेंपो, दो मोटरसाइकिल और एक टीवीएस मोपेड भी कब्जे में ली है।
इस मामले में कोतवाली सदर में आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह से जुड़े संतोष गुप्ता और रेस्टोरेंट मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह ने किया।


















