बलुआ पुलिस की बड़ी कामयाबी, मंदिरों से चोरी करने वाला शातिर चोर आकाश निषाद गिरफ्तार, 14 पीतल के घंटे समेत भारी मात्रा में सामान बरामद!

1713

बलुआ पुलिस की बड़ी कामयाबी, मंदिरों से चोरी करने वाला शातिर चोर आकाश निषाद गिरफ्तार, 14 पीतल के घंटे समेत भारी मात्रा में सामान बरामद!

चंदौली : बलुआ थाना पुलिस ने शातिर चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बलुआ की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए नैढ़ी ईदगाह चौराहे से शातिर चोर आकाश निषाद को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम अगस्तीपुर स्थित पुराने ईंट भट्ठे के पास झाड़ियों से चोरी के 14 पीतल के घंटे, परात, लोटा और गगरा समेत भारी मात्रा में सामान बरामद किया। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।

मंदिरों की गुत्थियां सुलझीं, पुलिस को मिली अहम सफलता

गिरफ्तार आकाश निषाद पर आरोप है कि उसने बलुआ थाना क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों के कई मंदिरों से चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। अब तक की पूछताछ में आकाश ने छह अलग-अलग स्थानों पर चोरी की बात कबूल की है। मंदिरों से चोरी हुए पीतल के घंटे बरामद होने से श्रद्धालुओं ने भी राहत की सांस ली है।

एसपी के निर्देश पर चलाया जा रहा अभियान

चंदौली के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जिलेभर में चोरी और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत बलुआ पुलिस ने शातिर चोर को दबोचने में सफलता हासिल की।

कई संगीन मुकदमों में वांछित था आरोपी

गिरफ्तार अभियुक्त आकाश निषाद, निवासी पूरा गणेश, थाना बलुआ, के खिलाफ पहले से ही कई संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि उसके अन्य साथियों और चोरी की गई संपत्ति के बारे में और जानकारी जुटाई जा सके।

छह सदस्यीय पुलिस टीम ने दिखाया दम

इस कार्रवाई में बलुआ पुलिस की छह सदस्यीय टीम ने अहम भूमिका निभाई। जिनमें निरीक्षक सलिल स्वरूप आनंद, उपनिरीक्षक अमित सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल पवन कुमार बिंद, कांस्टेबल अल्ताफ अहमद, सुग्रीव चौरसिया शामिल रहे। टीम ने न केवल गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई की बल्कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में भी सफलता पाई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई जानकारी

सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गिरफ्तार आकाश निषाद से चोरी की कई घटनाओं का खुलासा हुआ है। बरामद सामान की पहचान मंदिर प्रबंधकों द्वारा कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि बलुआ पुलिस की यह सफलता आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।