7.424 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, अलीनगर पुलिस व आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, बिहार से लाकर स्थानीय स्तर पर बेचने की बात कबूली
चंदौली : अलीनगर थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में 7.424 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हैंड बैग और पिट्ठू बैग में रखा गांजा बरामद कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस ने 27 जुलाई को आरपीएफ से प्राप्त सूचना के आधार पर डीएफसीसीआईएल लाइन के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके बैग से कुल 7.424 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्सव सिंह (28 वर्ष) पुत्र रवीन्द्र प्रताप सिंह, निवासी ग्राम खड़ेहरा, थाना सकलडीहा, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बिहार से गांजा लाकर छोटे-छोटे पैकेट बनाकर स्थानीय स्तर पर बेचता था, जिससे उसे अच्छा मुनाफा होता था।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना अलीनगर में मुकदमा अपराध संख्या 469/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस संयुक्त कार्रवाई में अलीनगर पुलिस के प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक पंकज सिंह, उपनिरीक्षक अमित सिंह सहित आरपीएफ की सीआईबी एवं मानसनगर पोस्ट की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


















