गुरु पूर्णिमा पर बाबा कीनाराम मठ में उमड़ा आस्था का सैलाब, हवन-पूजन व भजन संध्या से भक्त हुए भावविभोर

8

गुरु पूर्णिमा पर बाबा कीनाराम मठ में उमड़ा आस्था का सैलाब, हवन-पूजन व भजन संध्या से भक्त हुए भावविभोर

चंदौली : महाकापालिक योगीराज अघोराचार्य बाबा कीनाराम की पावन तपोस्थली रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का मठ में आगमन शुरू हो गया और पूरे दिन बाबा कीनाराम के दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती रही।

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रभुनारायण सिंह ‘लल्ला’, धनञ्जय सिंह तथा मठ प्रबंधक मेजर अशोक सिंह के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया गया। इसके उपरांत बाबा कीनाराम के पावन तपासन की भव्य आरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

पीठाधीश्वर सिद्धांर्थ गौतमराम बाबा के निर्देश पर सभी धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा, अनुशासन एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुए। दिनभर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा।

सुबह 10 बजे से सुप्रसिद्ध गायक विक्की तिवारी एवं सतरूपा शीतल ने भजन-कीर्तन, लोकगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे और पूरा मठ परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

मठ प्रबंधक मेजर अशोक सिंह ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति में गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता प्रकट करने का महापर्व है। बाबा कीनाराम की तपोस्थली पर आयोजित यह पर्व गुरु-शिष्य परंपरा को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करता है।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य विपिन सिंह, सुनील पाण्डेय, संतोष सिंह, कौशल दूबे, प्रमोद सिंह, समित सिंह, प्रवीण श्रीवास्तव, अर्पित पाण्डेय, नंदू गुप्ता, विशाल सिंह, पंकज सिंह, रितेश पाण्डेय, अभय यादव, पी.के., अन्नू यादव, बृजेश सिंह, सुदामा यादव, सर्वेश मौर्य, दीना दादा, मठ पुजारी देवदत्त पाण्डेय, अमृत पाठक, फग्गू पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में मठ के कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आयोजन की सजावट, साफ-सफाई तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं की व्यवस्था में विशाल सिंह एवं उनके साथियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।