25 हजार के इनामी तस्कर को अलीनगर पुलिस ने दबोचा, 80 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद
चंदौली : अलीनगर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ एवं नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 80 लीटर अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप भी बरामद किया है। आरोपी उसी गिरोह का सदस्य है, जिसके ट्रक से कुछ दिन पहले 720 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद किया गया था।
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई 2026 को रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास एक संदिग्ध लावारिस ट्रक की तलाशी में मुर्गी दाने की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 72 पेटियों में कुल 7,200 शीशियां (720 लीटर) अवैध कोडीन एवं एस्कफ सिरप बरामद किया गया था। इस मामले में थाना अलीनगर पर एनडीपीएस एक्ट एवं औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान दयाशंकर का नाम सामने आने पर पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर महादेवपुर रेलवे लाइन अंडरपास के पास से इनामी अभियुक्त दयाशंकर पुत्र स्व. जनक सिंह, निवासी ग्राम जमालपुर, थाना मतसेना, जनपद फिरोजाबाद को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चार बोरियों में रखी 800-800 सीसी की शीशियों में कुल 80 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद हुआ।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह ट्रक का चालक है। ट्रक में वाराणसी से गुवाहाटी भेजे जा रहे मुर्गी दाने के बीच प्रयागराज में कोडीन युक्त कफ सिरप छिपाकर लोड किया गया था, जिसे पश्चिम बंगाल पहुंचाना था। ट्रक पकड़े जाने के बाद वह और उसके साथी कुछ अवैध माल निकालकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिए थे। बुधवार को वह उसी छिपाए गए माल को लेने पहुंचा था, तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में बरामदगी के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफलता को नशीली दवाओं की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


















