अलीनगर पुलिस व आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, 46.72 लीटर अवैध शराब के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

5

अलीनगर पुलिस व आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, 46.72 लीटर अवैध शराब के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

चंदौली : अलीनगर थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 46.72 लीटर देशी व अंग्रेजी शराब के साथ चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर ट्रेनों के माध्यम से शराब की तस्करी करते थे।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में 27 जुलाई को आरपीएफ से प्राप्त सूचना के आधार पर लोको कॉलोनी स्थित लोको ग्राउंड के पास संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान चार संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई, जिनके कब्जे से कुल 46.72 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना अलीनगर में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

गिरफ्तार अभियुक्तों में रोहतास (बिहार) निवासी कुन्दन कुमार, शैलेन्द्र कुमार सिंह, मोहन पासवान तथा जितेन्द्र कुमार सिंह शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के विभिन्न शराब ठेकों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में शराब खरीदकर एकत्र करते थे और बिहार में शराबबंदी का लाभ उठाते हुए ट्रेनों के माध्यम से शराब पहुंचाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस अवैध कारोबार से होने वाले मुनाफे से वे अपने शौक पूरे करते थे।

बरामद शराब में 83 ब्लू लाइम देशी शराब के टेट्रा पैक, 48 ‘8 PM’ अंग्रेजी शराब के टेट्रा पैक, 36 आफ्टर डार्क अंग्रेजी शराब की बोतलें तथा 20 रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब की बोतलें शामिल हैं। कुल बरामद शराब की मात्रा 46.72 लीटर है।

इस संयुक्त कार्रवाई में अलीनगर थाना के प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अमित सेन सिंह, कांस्टेबल धीरेन्द्र यादव तथा आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक गौतम कुमार सिंह, कांस्टेबल राजीव रंजन पाठक और कांस्टेबल मनीष कुमार यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।