मेहनत को मिला मुकाम, 41 वर्ष की उम्र में तीरथनाथ यादव बने टीजीटी हिंदी शिक्षक, 121 प्रश्नों के सही उत्तर देकर हासिल की सफलता, क्षेत्र में खुशी की लहर
चंदौली : दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर चंदौली जिले के नौगढ़ क्षेत्र के बोदलपुर गांव निवासी तीरथनाथ यादव ने टीजीटी (हिंदी) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। 41 वर्ष की आयु में उन्होंने परीक्षा में 121 प्रश्नों के सही उत्तर देकर टीजीटी हिंदी शिक्षक पद पर चयनित होकर यह साबित कर दिया कि सफलता पाने के लिए उम्र नहीं, बल्कि मजबूत इरादे मायने रखते हैं।
मंगल यादव के पुत्र तीरथनाथ यादव (रोल नंबर- 0402021746) ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि को ग्रामीण अंचल के युवाओं के लिए प्रेरणादायी माना जा रहा है।
तीरथनाथ ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी), नौगढ़ से प्राप्त की। इसके बाद आदित्य इंटर कॉलेज, चकिया से इंटरमीडिएट तथा सावित्रीबाई फुले महाविद्यालय, चकिया से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। साधारण ग्रामीण परिवेश में रहते हुए भी उन्होंने कभी अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और लगातार तैयारी जारी रखी।
जैसे ही उनके चयन की सूचना बोदलपुर गांव, थाना नौगढ़ व पोस्ट अमदाहा क्षेत्र में पहुंची, परिवार और गांव में खुशी का माहौल बन गया। पिता मंगल यादव सहित परिजनों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया तथा तीरथनाथ को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
तीरथनाथ यादव की सफलता उन सभी युवाओं के लिए एक प्रेरक उदाहरण है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का जज्बा रखते हैं। उनकी उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि निरंतर परिश्रम, धैर्य और दृढ़ निश्चय के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।


















