फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहा था चोरी की बाइक, मुगलसराय पुलिस ने दबोचा
चंदौली : मुगलसराय पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी करतूत का पर्दाफाश किया है। आरोपी चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर काफी समय से उसका इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस ने बाइक के साथ एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को शिवाला चौकी के सामने संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर पूछताछ की। जांच में बाइक पर लगी नंबर प्लेट फर्जी निकली, जबकि वाहन का वास्तविक नंबर अलग पाया गया। इसके बाद पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोविन्द यादव (35 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय मुक्खू यादव, निवासी नई बस्ती मवईकला, थाना मुगलसराय के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने मोटरसाइकिल के चोरी का होने की जानकारी होने के बावजूद उसे कम कीमत पर खरीदा था। कुछ समय तक उसने बाइक को घर में छिपाकर रखा और बाद में पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलाने लगा।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चोरी की हीरो होंडा स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल (वास्तविक नंबर UP60N8291, फर्जी नंबर प्लेट UP65AM3939) तथा एक मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है।
इस मामले में थाना मुगलसराय पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले से भी एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी शिवाला उपनिरीक्षक सतीश प्रकाश, हेड कांस्टेबल रवि यादव तथा कांस्टेबल विकास यादव शामिल रहे।


















