खोए 111 मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए, चेहरों पर लौटी मुस्कान, सीईआईआर पोर्टल और सर्विलांस टीम की मदद से 35.20 लाख रुपये के मोबाइल बरामद

18

खोए 111 मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए, चेहरों पर लौटी मुस्कान, सीईआईआर पोर्टल और सर्विलांस टीम की मदद से 35.20 लाख रुपये के मोबाइल बरामद

चंदौली : जनपद पुलिस ने एक बार फिर सराहनीय कार्य करते हुए खोए और गुम हुए 111 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर ने मोबाइल स्वामियों को उनके फोन वितरित किए। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों तथा सीईआईआर (CEIR) पोर्टल से मिली जानकारी के आधार पर स्वाट एवं सर्विलांस टीम के साथ विभिन्न थाना पुलिस ने तकनीकी सहायता और लगातार प्रयास कर अलग-अलग स्थानों से 111 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 35.20 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक कुल 418 खोए और गुम हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 21 लाख रुपये है। इस वर्ष इससे पहले 3 मार्च को 75, 20 अप्रैल को 121 और 3 जून को 111 मोबाइल फोन बरामद कर लोगों को सौंपे गए थे।

अपर पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की कि मोबाइल खोने पर घबराने के बजाय तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं या निकटतम पुलिस थाना, सीएससी केंद्र अथवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस की सहायता लें। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना मिलने से मोबाइल बरामद होने की संभावना काफी बढ़ जाती है।