चंदौली में हीटवेव का रेड अलर्ट, एडीएम ने जारी किए सख्त निर्देश, दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में काम पर रोक, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर

193

चंदौली में हीटवेव का रेड अलर्ट, एडीएम ने जारी किए सख्त निर्देश, दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में काम पर रोक, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर

चंदौली : मौसम विभाग India Meteorological Department (आईएमडी) द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अत्यधिक तापमान और हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद चंदौली प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) राजेश कुमार ने जिले में आमजन को भीषण गर्मी और तापीय तनाव से सुरक्षित रखने के लिए तत्काल प्रभाव से कई अहम निर्देश जारी किए हैं।

प्रशासन ने बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग को आवश्यकतानुसार विद्यालयों के समय में परिवर्तन करने अथवा अवकाश घोषित करने की तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं निर्माण कार्य, फैक्ट्रियों और अन्य श्रम कार्यों के समय में बदलाव करते हुए दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक श्रमिकों को सीधी धूप में काम करने से रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निकायों और संबंधित विभागों को बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मंदिर, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कूल शेल्टर, छायादार विश्राम स्थल, प्याऊ और वाटर टैंकर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही प्रमुख चौराहों पर ग्रीन नेट लगाने और सड़कों पर पानी का छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग को जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी स्तर पर हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से निपटने के लिए विशेष तैयारी करने को कहा गया है। अस्पतालों में ओआरएस, आईवी फ्लूड, कूलिंग बेड और अतिरिक्त चिकित्सा स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। एम्बुलेंस सेवा और आपातकालीन चिकित्सा तंत्र को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।

इसके अलावा नगर विकास, ग्राम्य विकास और पंचायती राज विभाग को पेयजल आपूर्ति बाधित न होने देने और सार्वजनिक जल स्रोतों की सतत उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया, माइकिंग और सार्वजनिक प्रसारण प्रणाली के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त पानी पिएं और हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।