रेलवे सुरक्षा बल ने दिखाया मानवीय चेहरा, प्लेटफार्म पर बचाई बीमार युवक की जान

51

रेलवे सुरक्षा बल ने दिखाया मानवीय चेहरा, प्लेटफार्म पर बचाई बीमार युवक की जान

चंदौली : ऑपरेशन सेवा के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट डीडीयू की टीम ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की। गश्त के दौरान बीमार युवक की न केवल तत्परता से मदद की गई, बल्कि उसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के नेतृत्व में उप निरीक्षक सरिता गुर्जर और सहायक उप निरीक्षक एम.एस. खान प्लेटफार्म संख्या-03 पर गश्त कर रहे थे। उसी दौरान एक युवक प्रशांत कुमार (उम्र लगभग 23 वर्ष), पुत्र पुनीत कुमार, निवासी लोहानीपुर, राजेन्द्र नगर, पटना, बिहार की तबीयत अचानक बिगड़ गई। युवक ने घबराते हुए बताया कि उसे चक्कर आ रहा है और वह अस्वस्थ महसूस कर रहा है।

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए RPF टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को पोस्ट पर लाकर बैठाया और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की। साथ ही तुरंत मंडल रेल अस्पताल डीडीयू और डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट (डिप्टी एसएस) को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही मंडल रेल अस्पताल से अविनाश कुमार अपने सहयोगी स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक की प्राथमिक जांच की और हालत को देखते हुए तुरंत अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी। इसके बाद युवक को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका समुचित इलाज जारी है।

इस घटना से एक बार फिर साबित हुआ कि रेलवे सुरक्षा बल केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के संरक्षण में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर RPF की सजगता और तत्परता सराहनीय है।

रेलवे प्रशासन और स्थानीय लोगों ने इस मानवीय पहल के लिए RPF की पूरी टीम की सराहना की है।