₹80 करोड़ की कबाड़ बिक्री कर डीडीयू मंडल ने बनाया नया रिकॉर्ड, स्वच्छता व संसाधन प्रबंधन में भी मिली मजबूती
चंदौली : पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में कबाड़ (स्क्रैप) बिक्री के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि दर्ज करते हुए ₹80 करोड़ का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त कर लिया है। यह उपलब्धि न केवल मंडल की कार्यकुशलता को दर्शाती है, बल्कि संसाधनों के बेहतर उपयोग और राजस्व सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुई है।
मंडल की इस सफलता के पीछे मंडल रेल प्रबंधक (DRM) उदय सिंह मीना का मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक सुधीर प्रसाद सिंह का प्रभावी नेतृत्व अहम रहा। उनके निर्देशन में सुनियोजित रणनीति, सतत निगरानी और ई-नीलामी (e-auction) प्रक्रिया के माध्यम से कबाड़ सामग्री का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कबाड़ बिक्री की इस उपलब्धि में मंडल के सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही। बेहतर समन्वय और टीमवर्क के चलते निष्पादन प्रक्रिया को न केवल तेज किया गया, बल्कि पारदर्शिता भी सुनिश्चित की गई, जिससे राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि संभव हो सकी।
कबाड़ का समय पर निस्तारण रेलवे के लिए कई मायनों में लाभकारी सिद्ध हो रहा है। इससे जहां एक ओर अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है, वहीं दूसरी ओर कार्यस्थलों पर जगह खाली होने से संचालन में सुविधा बढ़ी है। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और स्वच्छता में भी सुधार देखने को मिला है।
पर्यावरण के लिहाज से भी यह पहल महत्वपूर्ण है। अनुपयोगी संसाधनों के पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) से सतत विकास को बढ़ावा मिल रहा है और पर्यावरण संरक्षण में भी सकारात्मक योगदान मिल रहा है।
डीडीयू मंडल के अधिकारियों ने विश्वास जताया है कि भविष्य में भी इसी प्रकार की रणनीति और समर्पण के साथ कार्य करते हुए मंडल और अधिक ऊंचे लक्ष्यों को हासिल करेगा तथा रेलवे की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।


















