मुंबई मेल से गिरकर आरपीएफ दरोगा की दर्दनाक मौत, मचा हड़कंप
चंदौली : अलीनगर थाना क्षेत्र के यार्ड पोस्ट के समीप सोमवार की रात एक दर्दनाक हादसे में मुंबई मेल की चपेट में आने से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के दरोगा की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस और आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिहार के रफीगंज में थी तैनाती
मृतक की पहचान मऊ जनपद के जखनिया निवासी आरपीएफ दरोगा विशाल तिवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह वर्तमान में बिहार के रफीगंज में तैनात थे और सोमवार की रात मुंबई मेल ट्रेन से डीडीयू जंक्शन की ओर यात्रा कर रहे थे। ट्रेन जब डाउन यार्ड ओल्डकार के पास किलोमीटर पोल संख्या 673/8 के समीप पहुंची, तभी किसी कारणवश विशाल तिवारी अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़े। तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ प्रभारी, अन्य आरपीएफ कर्मी और स्थानीय पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला ट्रेन से गिरने का बताया जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम
बताया जाता है कि विशाल तिवारी की करीब छह माह पहले ही बिहार के रफीगंज में तैनाती हुई थी। वह अपने कर्तव्य के प्रति सजग और अनुशासित अधिकारी माने जाते थे। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर परिजन रोते-बिलखते जिला अस्पताल पहुंचे, जहां माहौल गमगीन हो गया।
आरपीएफ महकमे में शोक की लहर
इस दर्दनाक घटना से आरपीएफ महकमे में भी शोक की लहर है। साथी अधिकारी और कर्मचारी उन्हें एक मिलनसार और जिम्मेदार अधिकारी के रूप में याद कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


















