रेलवे कॉलोनियों में अब पाइप्ड गैस की सुविधा, ईस्ट सेंट्रल रेलवे और गेल गैस के बीच बड़ा समझौता

504

रेलवे कॉलोनियों में अब पाइप्ड गैस की सुविधा, ईस्ट सेंट्रल रेलवे और गेल गैस के बीच बड़ा समझौता

चंदौली : रेलवे कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत और आधुनिक सुविधा की दिशा में अहम कदम उठाते हुए ईस्ट सेंट्रल रेलवे के पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल और गेल गैस लिमिटेड के बीच बुधवार को एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत रेलवे कॉलोनियों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

इस योजना के अंतर्गत पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर स्थित करीब 4000 रेलवे आवासों में पीएनजी सप्लाई शुरू की जाएगी। इसके साथ ही सभी रनिंग रूम, डीडीयू जंक्शन पर कार्यरत वेंडरों और रेलवे वर्कशॉप में भी यह सुविधा दी जाएगी, जिससे कामकाज में सुरक्षा, सुविधा और दक्षता बढ़ेगी।

कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ वरीय मंडल अभियंता (समन्वय) सूरज कुमार, मंडल अभियंता (मुख्यालय) अजय कुमार, तथा गेल गैस लिमिटेड के डिप्टी जनरल मैनेजर व ऑफिसर इंचार्ज रणधीर कुमार मिश्रा मौजूद रहे। वहीं कंपनी की ओर से चीफ मैनेजर अजय सेठी और सीनियर मैनेजर श्रीकांत राउत भी शामिल हुए।

अधिकारियों ने बताया कि यह पहल रेलवे कॉलोनियों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार और पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पीएनजी कनेक्शन से रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी और यह पारंपरिक ईंधनों की तुलना में अधिक सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण के लिए बेहतर साबित होगा।

खास बात यह है कि रेलवे कर्मचारियों से पीएनजी कनेक्शन के लिए कोई रजिस्ट्रेशन शुल्क नहीं लिया जाएगा। वहीं, परियोजना का पहला चरण जून माह के दूसरे सप्ताह तक शुरू होने की संभावना जताई गई है।