डीडीयू जंक्शन पर डीआरएम का औचक निरीक्षण, खेल मैदान से रनिंग रूम तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
चंदौली : पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ने बुधवार को डीडीयू जंक्शन परिसर एवं इससे जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, निर्माण कार्यों की प्रगति, खेल अवसंरचना और रेलकर्मियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नवीन पार्किंग स्थल पर गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर
निरीक्षण की शुरुआत डीआरएम ने डीडीयू जंक्शन परिसर में स्थित स्टेट बैंक के आसपास के क्षेत्र एवं नवनिर्मित पार्किंग स्थल से की। यहां चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने गुणवत्ता से कोई समझौता न करने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके बाद डीआरएम इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी स्थित रेलवे खेल मैदान पहुंचे।
वर्कआउट और खेल संसाधन बढ़ाने पर दिया गया विशेष ध्यान
उन्होंने खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, हॉस्टल, रेसलर हॉल तथा अन्य सहायक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान मैदान एवं कॉलोनी की बाउंड्री वॉल की मरम्मत, आवश्यक वर्कआउट एवं खेल उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मैदान को नियमित उपयोग योग्य स्थिति में बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
रेल कर्मचारियों के लिए सुविधाओं के उन्नयन के निर्देश
तत्पश्चात डीआरएम ने पास स्थित 1102 नंबर रनिंग रूम का औचक निरीक्षण किया। यहां स्वच्छता एवं सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक पाई गई। इसके बावजूद रेलकर्मियों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से व्यवस्थाओं के निरंतर उन्नयन पर जोर दिया गया।
लोको कॉलोनी के रिक्रिएशन रूम के नवीनीकरण पर जोर
निरीक्षण के अंतिम चरण में डीआरएम लोको कॉलोनी में खेल मैदान के समीप स्थित रिक्रिएशन रूम पहुंचे। निरीक्षण के बाद रिक्रिएशन रूम के नवीनीकरण एवं उन्नयन से संबंधित आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
बेहतर सुविधाओं और सुव्यवस्थित रखरखाव की दिशा में रेलवे प्रतिबद्ध
डीआरएम का यह औचक निरीक्षण रेलवे द्वारा यात्रियों, रेलकर्मियों, उनके परिवारजनों एवं खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा परिसरों के समुचित रखरखाव को लेकर गंभीरता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मंडल स्तर पर सुविधाओं में निरंतर सुधार के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।


















