मिट्टी लदी ट्रैक्टर की टक्कर से दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के गुरेरा गांव के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तिरपाल खरीदकर लौट रहे थे घर
मिली जानकारी के अनुसार फूलपुर निवासी 48 वर्षीय श्रीराम राम अपने चचेरे भाई किशन कुमार के साथ चहनियां बाजार से तिरपाल खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गुरेरा गांव के पास हाईवे पर सामने से आ रहे मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
ट्रैक्टर छोड़ फरार हुआ चालक
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया, जबकि ट्रैक्टर घटनास्थल पर ही छोड़ दिया।
हादसे के बाद ग्रामीणों का हंगामा
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और हंगामा शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया।
फरार चालक की खोज में पुलिस
पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


















