गंगा में पलटा ओवरलोड बालू लदा डम्फर, चालक ने कूदकर बचाई जान, बड़ा हादसा टला

228

गंगा में पलटा ओवरलोड बालू लदा डम्फर, चालक ने कूदकर बचाई जान, बड़ा हादसा टला

चंदौली : जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत तीरगांवा गांव के समीप रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सफेद बालू से लदा एक ओवरलोड डम्फर अनियंत्रित होकर गंगा नदी में पलट गया। हादसे के दौरान डम्फर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, बलुआ थाना क्षेत्र के गाजीपुर बॉर्डर स्थित तीरगांवा इलाके में गंगा किनारे सफेद बालू का खनन और निकासी का कार्य लंबे समय से जारी है। रविवार को पहाड़पुर निवासी 30 वर्षीय राहुल कुमार बालू लदे डम्फर को लेकर जा रहा था। बताया जा रहा है कि वाहन में क्षमता से अधिक बालू लदी होने के कारण डम्फर असंतुलित हो गया और गंगा किनारे पलटते हुए नदी में जा गिरा।

हादसे के समय चालक राहुल कुमार ने तत्परता दिखाते हुए डम्फर से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि तीरगांवा क्षेत्र में ओवरलोड बालू लदे वाहनों का संचालन आम बात हो गई है और आए दिन ऐसे वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधिक मुनाफे के लालच में नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों के संचालन पर तत्काल रोक लगाई जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से बचा जा सके। घटना ने एक बार फिर अवैध खनन और ओवरलोडिंग के मुद्दे को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।