फत्तेपुर पहाड़ी पर जुआ खेलते छह गिरफ्तार, नकदी व आठ बाइक बरामद
चंदौली : अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चकिया पुलिस ने जुआ खेल रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹19,600 की जुआ राशि, 52 ताश के पत्ते, छह मोबाइल फोन तथा आठ मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सतीश शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी चकिया रघुराज के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम फत्तेपुर स्थित पहाड़ी के पास छापेमारी की। मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने जुआ खेल रहे छह लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमलेश कुमार निवासी विक्सी थाना अदलहाट जनपद मिर्जापुर, निखिल पटेल निवासी रामलक्ष्मणपुर थाना चकिया, शुभम गिरी निवासी टेड़वा थाना अदलहाट, वकील बिंद निवासी धोबही थाना अदलहाट, रामबली निवासी नंदपुर थाना जमालपुर तथा रमेश जायसवाल निवासी खजुरौल थाना अदलहाट के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मौके से ₹19,600 की जुआ राशि बरामद हुई, जबकि गिरफ्तार व्यक्तियों की तलाशी से ₹1,470 नकद भी मिले। इसके अलावा 52 ताश के पत्ते, छह मोबाइल फोन और आठ मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।
छापेमारी के दौरान कुछ अन्य लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। बरामदगी के आधार पर गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध जुआ संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।


















