जनचौपाल में गूंजा सुशासन का स्वर, गांव-गांव पहुंचा मोदी-योगी सरकार का विकास संदेश
चंदौली : शनिवार को सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के मण्डल बरहनी के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘गांव/बस्ती चलो अभियान’ के तहत एक जनचौपाल का आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत विधायक सुशील सिंह के नेतृत्व में सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा किया गया। इस क्रम में बूथ संख्या 289 एवं 290 में पहुंचे विधायक ने स्थानीय लाभार्थियों से संवाद स्थापित किया और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
मोदी-योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
विधायक सुशील सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही जनहित योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, एवं किसान सम्मान निधि आदि का उल्लेख करते हुए बताया कि सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है।
इस अवसर पर ग्राम जेवरियाबाद, मुड्डा, धनाइत सहित कई गांवों में जनचौपाल लगाई गई, जहां ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। विधायक ने समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया और पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दें और उन्हें लाभ दिलाने में मदद करें।
कार्यक्रम में भाजपा के मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता, बूथ अध्यक्ष, लाभार्थी एवं ग्रामीण जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी चुनावों के मद्देनज़र जनसंपर्क बढ़ाना और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
विधायक ने कहा – भाजपा सरकार सेवा, सुशासन और विकास के लिए प्रतिबद्ध
विधायक ने अंत में कहा कि भाजपा सरकार केवल वादे नहीं, बल्कि धरातल पर काम करके दिखा रही है। जनता के विश्वास को कायम रखते हुए पार्टी निरंतर सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की राह पर अग्रसर है।


















