प्रेस कांफ्रेंस में विधायक सुशील सिंह ने विपक्ष पर साधा निशाना
चंदौली : योगी सरकार के 8 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में सकलडीहा ब्लॉक परिसर में एक प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जनता पिछले आठ वर्षों में हुए विकास कार्यों को न केवल देख रही है, बल्कि उसका लाभ भी उठा रही है।
चंदौली में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विधायक सुशील सिंह ने कहा कि जिले में मेडिकल कॉलेज और ट्रॉमा सेंटर का निर्माण किया गया है। जल्द ही नर्सिंग कॉलेज भी बनकर तैयार हो जाएगा। इसके अलावा इंडो-इजराइल तकनीक से उन्नत खेती के लिए एक्सिलेंस सेंटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। शाहुपुरी में 450 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत उपकेंद्र बनाया जा रहा है, जबकि अमड़ा में 60 करोड़ रुपये की लागत से एक और विद्युत उपकेंद्र का निर्माण हो रहा है। जिले में सैकड़ों करोड़ रुपये की लागत से चार लेन की सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ये सभी विकास कार्य विपक्ष को नजर नहीं आते।
पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के बयान पर प्रतिक्रिया
पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के बयान “4 कार्यकाल 8 साल, फिर भी सैयदराजा बदहाल” पर प्रतिक्रिया देते हुए सुशील सिंह ने कहा कि अगर उन्हें विकास कार्य नहीं दिखते तो उन्हें अपने दिमाग का इलाज कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि मनोज सिंह डब्लू सिर्फ घुमा-फिराकर बातें करना जानते हैं, लेकिन जनता अब उन्हें समझ चुकी है। उन्होंने आगे कहा कि मनोज सिंह डब्लू औरंगजेब और अखिलेश यादव का चश्मा पहनकर विकास को देखने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए उन्हें विकास नहीं दिख रहा है। यदि वे निष्पक्ष होकर देखेंगे तो उन्हें स्पष्ट रूप से विकास कार्य नजर आएंगे।
बीजेपी विधायक सुशील सिंह ने मनोज सिंह डब्लू को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पहले वे अपना काम बताए। जो उन्होंने किया हो। उसका डेटा सार्वजनिक करें और उसकी डेट भी दें कि परियोजना की स्वीकृति कब हुई. मेरे 8 साल के कार्यकाल में जो काम हुए है, उसका 25 प्रतिशत भी काम किए होंगे तो सुशील सिंह क्षत्रिय का बेटा है, इस्तीफा दे देगा। लेकिन ये वो लोग है जो कहते है की मेडिकल कालेज बनवाएंगे, घर मे ही बनाएंगे, अपने पैसे से बनाएंगे। ये वो लोग है जो अपने नेता जी की मूर्ति गांव में लगा रहे थे। लेकिन पता नहीं चला की नेता जी की मूर्ति कहां चली गई और जमीन कहाँ चली गई। ऐसे लोगों के बारे में क्या बात करना ? ऐसे लोगों का जबाब देने के लिए हमारे कार्यकर्ता हैं उन्हें जवाब दे देंगे। सुशील सिंह ऐसे लोगों का जवाब देना उचित नहीं समझते।
सांसद बीरेंद्र सिंह पर भी साधा निशाना
इस दौरान सुशील सिंह ने चंदौली के सांसद बीरेंद्र सिंह पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सांसद बने अभी कुछ ही महीने हुए हैं, लेकिन वे योगी और मोदी सरकार की योजनाओं को अपना बताने में लगे हुए हैं। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे और ट्रेनों के ठहराव की मांग पहले से की जा रही थी और इसके लिए कई स्तरों पर प्रयास किया गया था, लेकिन अब सांसद इसे अपना प्रयास बताकर श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सांसद के पास हरि झंडी दिखाने का समय नहीं है, लेकिन श्रेय लेने के लिए तत्पर रहते हैं।
सरकार की बिना भेदभाव की योजनाएं
उन्होंने कहा कि सरकार ने बिना भेदभाव के विकास योजनाओं को लागू किया है। चंदौली-सैदपुर और मुगलसराय-चहनियां मार्ग का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि 500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से इन सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने विपक्ष पर जातिवादी मानसिकता का आरोप लगाते हुए कहा कि जिनकी सोच संकीर्ण होती है, उन्हें विकास दिखाई नहीं देता।
निष्कर्ष
इस प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से सुशील सिंह ने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया और योगी सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में भी जनता को इसी तरह योजनाओं का लाभ मिलता रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की विकासपरक नीतियों से जनता संतुष्ट है और आगे भी इसी तरह प्रदेश का विकास होता रहेगा।


















