समाजवादी पार्टी ने चंदौली में आयोजित किया “मान-सम्मान-स्वाभिमान” कार्यक्रम, बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

50

समाजवादी पार्टी ने चंदौली में आयोजित किया “मान-सम्मान-स्वाभिमान” कार्यक्रम, बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

चंदौली : समाजवादी पार्टी द्वारा सामाजिक जागरूकता एवं राजनीतिक चेतना को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए शनिवार को चंदौली जनपद में “मान-सम्मान-स्वाभिमान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के आवास पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और सिद्धांतों को आम जनता तक पहुंचाना और सामाजिक न्याय के प्रति लोगों को जागरूक करना था।

सपा जिलाध्यक्ष ने किया कार्यक्रम की अध्यक्षता

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने उपस्थित सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बाबा साहब की जीवनी एवं उनके संघर्षों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने 14 अप्रैल तक बाबा साहब की जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है, जिससे समाज के हर वर्ग विशेषकर वंचित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदायों तक डॉ. अंबेडकर के विचार पहुंच सकें।

उन्होंने वर्तमान सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान, जो देश के हर नागरिक को समान अधिकार देता है, आज कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सुनियोजित ढंग से संविधान विरोधी नीतियों को बढ़ावा दे रही है, जिससे देश में असमानता और असंतोष का माहौल बन रहा है। देश इस समय बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक असुरक्षा के संकट से गुजर रहा है, जिसका सबसे बड़ा खामियाजा गरीब, दलित और पिछड़े वर्गों को भुगतना पड़ रहा है।

सपा राष्ट्रीय सचिव ने ‘पीडीए’ को बताया बदलाव की मास्टर चाबी

इस अवसर पर सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि समाजवादी पार्टी ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज को एकजुट कर सत्ता परिवर्तन की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पीडीए समाज ही प्रदेश की राजनीति में बदलाव की मास्टर चाबी है। उन्होंने उपस्थित युवाओं और कार्यकर्ताओं से बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने की अपील की।

युवाओं से बाबा साहब के विचार आत्मसात करने की अपील

मनोज सिंह डब्लू ने यह भी कहा कि नई पीढ़ी को बाबा साहब के संघर्षों, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान की जानकारी दी जानी चाहिए। समाजवादी पार्टी इसी भावना के साथ 14 अप्रैल तक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को बाबा साहब के विचारों से जोड़ने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि आज के विषम परिस्थितियों में, जब दलित, पिछड़े और आम जनता विभिन्न प्रकार के शोषण का शिकार हैं, बाबा साहब के आदर्शों का पालन कर ही सामाजिक मुक्ति संभव है।

इस अवसर पर पार्टी के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें रमेश यादव, संतोष उपाध्याय, संदीप गुप्ता, रामदुलारे कनौजिया, सुमन चौहान, बृजेश कुमार मौर्या, मंसूर अन्सारी, बृजेश कुमार सिंह, प्रमोद प्रजापति, विजयमल बिंद, पप्पू बिंद, गुल्लू गौतम, वीरेंद्र बिंद, द्वारिका खरवार, मगरू बिंद, प्रकाश खरवार, अजय धोबी, मुक्तेश्वर पाण्डेय, मार्कण्डेय पाण्डेय और राम धवल पासवान शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन रामजन्म यादव ने किया।

बाबा साहब के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम का समापन बाबा साहब के “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” के संदेश को दोहराते हुए किया गया, जिसमें सभी से अपने अधिकारों के लिए सजग और संगठित होकर संघर्ष करने की अपील की गई। समाजवादी पार्टी ने संकल्प लिया कि वह सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे भी पूरे जोश और प्रतिबद्धता के साथ जारी रखेगी।