सरदार पटेल की जयंती पर कमालपुर में भव्य पदयात्रा, हजारों की भीड़ ने दिखाई एकता, विधायक सुशील सिंह बोले : “2027 में यूपी में बनेगी एकतरफा भाजपा सरकार”

153

सरदार पटेल की जयंती पर कमालपुर में भव्य पदयात्रा, हजारों की भीड़ ने दिखाई एकता, विधायक सुशील सिंह बोले : “2027 में यूपी में बनेगी एकतरफा भाजपा सरकार”

चंदौली : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर रविवार को सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के कमालपुर में एकता, समरसता और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। भाजपा विधायक सुशील सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में हजारों की संख्या में युवा, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के लोग शामिल हुए। पदयात्रा की विराटता के कारण पूरे मार्ग पर मानो देशभक्ति का सागर उमड़ पड़ा हो।

छह किलोमीटर लंबी पदयात्रा ने भरी ऊर्जा

कार्यक्रम की शुरुआत धीना स्थित एक निजी विद्यालय से हुई, जहां से भाजपा विधायक ने पदयात्रा को हरी झंडी दिखाई। जैसे ही विधायक सुशील सिंह के साथ यात्रा आगे बढ़ी, हजारों लोगों का जनसैलाब उससे जुड़ता चला गया। तिरंगे झंडों की लहर, वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारों की गूंज, ढोल-नगाड़ों की थाप – इन सबने पूरे माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। लगभग छह किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा कमालपुर इंटर कॉलेज पर जाकर संपन्न हुई, जहाँ सरदार पटेल के जीवन और आदर्शों पर आधारित एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

“सरदार पटेल की एकता आज भी राष्ट्र के लिए प्रेरणा” – विधायक सुशील सिंह

अपने संबोधन में विधायक सुशील सिंह ने कहा कि “सरदार वल्लभभाई पटेल सिर्फ एक नेता नहीं थे, बल्कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रतीक थे। उनका जीवन संघर्ष, कर्तव्य और राष्ट्रनिष्ठा की मिसाल है। युवाओं को चाहिए कि वे उनके आदर्शों को अपनाकर देश को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएँ।” उन्होंने यह भी कहा कि आज का युवा जागरूक है और सकारात्मक सोच के साथ देश की सेवा करना चाहता है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय भावना को सशक्त करना है।

यात्रा मार्ग पर ग्रामीणों का जोरदार स्वागत

पदयात्रा के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों ने प्रतिभागियों का फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति के नारों से जबरदस्त स्वागत किया। बुज़ुर्गों, महिलाओं और बच्चों की भी व्यापक भागीदारी रही। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने पेयजल और फल की व्यवस्था भी की।

बिहार चुनाव पर बोले विधायक – “जनता ने जंगलराज को हमेशा के लिए नकार दिया”

भाजपा विधायक सुशील सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों का जिक्र करते हुए कहा कि “बिहार की जनता ने एनडीए को ऐतिहासिक जीत दिलाकर यह साबित कर दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जो विकास हुआ है, वह पूरे देश को दिखाई दे रहा है। 20 साल पहले का बिहार जंगलराज और भ्रष्टाचार का उदाहरण था। आज वही बिहार विकास की नई तस्वीर पेश कर रहा है। जनता ने विरोधियों को पूरी तरह नकार दिया है।”

अखिलेश यादव पर साधा निशाना – “साइकिल के सभी पुर्जे टूट चुके हैं”

विधायक ने समाजवादी पार्टी पर भी जमकर हमला बोला और कहा कि “अखिलेश यादव की हवा निकल चुकी है। समाजवादी पार्टी की साइकिल अब चलने की हालत में नहीं है – इसके टायर भ्रष्ट हो चुके हैं और सभी पुर्जे टूट चुके हैं।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियाँ जनकल्याण और विकास पर आधारित हैं, जबकि विपक्ष सिर्फ नकारात्मक राजनीति करता है।

2027 के लिए दावा – “उत्तर प्रदेश फिर बनाएगा इतिहास”

उन्होंने आगे कहा कि “जैसे बिहार की जनता ने विरोधियों का सूपड़ा साफ किया, उसी तरह उत्तर प्रदेश की जनता भी मन बना चुकी है। लोग चाहते हैं कि विकास की गति और तेज हो। 2027 में भाजपा न सिर्फ पूर्ण बहुमत बल्कि एकतरफा सरकार बनाएगी।”

इन प्रमुख नेताओं की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष काशी नाथ सिंह, धानापुर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, सकलडीहा ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह, बरहनी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष राजेश सिंह, बनवारी पाण्डेय, प्रधान रामप्रवेश त्रिपाठी, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आशीष सिंह रघुवंशी, अभिषेक पाण्डेय, पंकज सिंह, ज्ञानप्रकाश सिंह, अवनीश सिंह, सत्ते सिंह, प्रधान लक्ष्मण सिंह, शेरू सिंह, बालेश्वर बिंद सहित हजारों कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद रहे।