यूपी बोर्ड के मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित, मेधावियों को मिला पुरस्कार

471

यूपी बोर्ड के मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित, मेधावियों को मिला पुरस्कार

◆ उत्तीर्ण मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

◆ नई पीढ़ी के लिए रोल मॉडल है मेधावी छात्र

◆ मेधावी छात्रों के नाम पर रखा जाएगा सड़क का नाम

चंदौली : कलेक्ट्रेट सभागार में मेधावी विद्यार्थियों को डीएम निखिल टी० फुंडे, विधायक सुशील सिंह, विधायक रमेश जायसवाल ने सम्मानित किया. इस दौरान लखनऊ के लोक भवन में आयोजित वर्ष 2024 में हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्तीर्ण मेधावी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा राज्य स्तर पर प्रथम पांच स्थान प्राप्त मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा रहे कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कर मेधावी छात्रों को दिखाया गया.

राज्य स्तर पर चयनित मेधावी छात्र आदर्श को किया गया सम्मानित

जनपद स्तर पर वर्ष 2024 में हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में राज्य स्तर पर चयनित जनपद के हाई स्कूल परीक्षा में 97% उत्तीर्ण मेधावी छात्र आदर्श पाण्डेय को एक लाख रुपये का सांकेतिक चेक (जो कोषागार के माध्यम से लाभार्थी के खाते में प्रेषित) व टैबलेट, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया.

जनपद स्तरीय 21 मेधावी छात्र को किया गया सम्मानित

बता दें कि वर्ष 2024 की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में जिले के 21 मेधावी छात्र-छात्राओं ने सबसे अधिक अंक हासिल कर अपनी बुद्धि कौशल का लोहा मनवाया है. जिनमें जनपद स्तरीय मेधावी सूची में चयनित हाई स्कूल के 09 एवं इंटरमीडिएट के 12 मेधावी छात्रों को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा 21 हजार रुपये का सांकेतिक चेक, टैबलेट, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया. वही कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण के संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मेधावी छात्र जिस गांव मोहल्ले के होंगे वहां की सड़क का नामकरण उनके नाम पर या वहां की सड़क का निर्माण कार्य सरकार के स्तर पर होगा. विधायक और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर इन्हीं के द्वारा शिलान्यास भी कराया जाना चाहिए.

मेधावी सम्मान कार्यक्रम में विधायक सुशील सिंह, विधायक रमेश जायसवाल तथा जिलाधिकारी निखिल टी० फुंडे द्वारा विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आशीष बच्चन एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई.