महाराणा प्रताप जयंती पर कैली गांव में गूंजा वीरता का जयघोष, विधायक सुशील सिंह ने किया माल्यार्पण
चंदौली : चहनियां क्षेत्र के कैली गांव की पावन धरती शुक्रवार की शाम वीरता, साहस और आत्मसम्मान की प्रेरणा स्वरूप महाराणा प्रताप की जयंती समारोह से गूंज उठी। चहनियां क्षेत्र के इस गांव में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ महाराणा प्रताप की जयंती मनाई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही स्वच्छता का संदेश देते हुए प्रतिमा स्थल की सफाई भी की गई।
संगोष्ठी में गूंजे प्रेरणादायी विचार
कार्यक्रम के दौरान आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए विधायक सुशील सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतवर्ष के उन महान योद्धाओं में हैं जिन्होंने आत्मगौरव और स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उन्होंने मेवाड़ की रक्षा के लिए मुगलों से बार-बार युद्ध किया और कभी भी पराजय को स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी प्रताप का संकल्प अडिग रहा और उनके शौर्य की गाथा आज भी हमारे लिए प्रेरणास्त्रोत है। विधायक ने युवाओं से आह्वान किया कि वे महाराणा प्रताप के जीवन से प्रेरणा लें और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझें। उन्होंने कहा, “महाराणा प्रताप ने यह दिखा दिया कि आत्मसम्मान और देशभक्ति के लिए कोई भी बलिदान छोटा नहीं होता।”

कार्यक्रम समापन पर वीरता के जयकारे
कार्यक्रम का समापन महाराणा प्रताप की वीरता और त्याग को समर्पित नारों के साथ हुआ। ‘महाराणा प्रताप अमर रहें’, ‘भारत माता की जय’, ‘वीर प्रताप का गौरव गान’ जैसे नारों से गांव का वातावरण गूंज उठा। यह कार्यक्रम न केवल महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि देने का अवसर बना, बल्कि युवाओं को उनके आदर्शों से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी सिद्ध हुआ।
ये लोग रहे मौजूद
इस ऐतिहासिक और भावनात्मक कार्यक्रम में क्षेत्र के तमाम गणमान्य जन उपस्थित रहे। जिनमें प्रमुख रूप से माँ खंडवारी पी. जी. कॉलेज चहनियां के प्रबंधक डॉ. राजेन्द्र प्रताप सिंह, धानापुर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, जिला पंचायत सदस्य संजय पाण्डेय, गोपाल सिंह, कुंज बिहारी पाण्डेय, पूर्व मंडल अध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा, कृपाशंकर सिंह, बंजारी सिंह, गृजेश सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य आनंद सिंह, आशीष सिंह रघुवंशी, पूर्व सभासद विकास सिंह, तथा प्रधान बबलू यादव सहित आदि लोग उपस्थित रहे।


















