सैयदराजा में सपा-भाजपा नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज, वीडियो वायरल

285

सैयदराजा में सपा-भाजपा नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज, वीडियो वायरल

चंदौली : जनपद के सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’ और भारतीय जनता पार्टी के वर्तमान विधायक सुशील सिंह के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। हाल के दिनों में दोनों नेताओं के बयान और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे क्षेत्रीय राजनीति में गर्माहट बढ़ गई है।

बताया जा रहा है कि धीना थाना क्षेत्र के तंबागढ़ गांव में हुई आगलगी की घटना के बाद भाजपा विधायक सुशील सिंह मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने पीड़ित ग्रामीणों से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इसी दौरान आरोप है कि उन्होंने पूर्व विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’ को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए ‘चिरकुट’ जैसे शब्द का प्रयोग किया।

इस बयान के बाद सियासी माहौल गरमा गया। रविवार को सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’ इनायतपुर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर विधायक सुशील सिंह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “मैं चिरकुट हूं या आप चिरकुट हैं, या आपकी सरकार चिरकुट है?” इसके साथ ही उन्होंने विधायक को भाषा और व्यवहार में संयम बरतने की नसीहत दी।

पूर्व विधायक ने कहा कि “विधायक हैं तो ढंग से बात करना सीखिए। सम्मान दीजिए और सम्मान पाइए। हमारे ही विधानसभा क्षेत्र में आकर हमें अपमानित करना उचित नहीं है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिग्घी गांव में एक युवक की दीवार से गिरकर मौत हो गई, लेकिन विधायक वहां नहीं पहुंचे और न ही किसी अधिकारी को भेजा।

मनोज सिंह ‘डब्लू’ ने अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र में बिजली, आवास और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में हजारों लोगों को आवास दिलाया गया और गांव-गांव में बिजली की सुविधा पहुंचाई गई। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि वर्तमान सरकार उनके जैसे कार्य दिखा दे, तो वह राजनीति छोड़ देंगे।

वहीं, इनायतपुर गांव में बिजली की समस्या को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई। बताया कि हाल ही में आए आंधी-तूफान में गांव का विद्युत पोल गिर गया, जिसके बाद से बिजली आपूर्ति ठप है। ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। शिकायत के बावजूद अब तक पोल नहीं बदला गया है।

पूर्व विधायक ने विद्युत विभाग के एक्सईएन को चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द विद्युत पोल बदलवाकर बिजली बहाल की जाए, अन्यथा जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे प्रकरण को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। दोनों दलों के समर्थकों के बीच भी सोशल मीडिया पर बहस जारी है, जिससे सैयदराजा की राजनीति में हलचल बनी हुई है।