विधायक सुशील सिंह और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के बीच जुबानी जंग तेज

469

विधायक सुशील सिंह और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के बीच जुबानी जंग तेज

चंदौली : सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। मौजूदा विधायक सुशील सिंह और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के बीच जुबानी जंग लगातार जारी है। दोनों नेताओं के बीच वार-पलटवार की कड़ी में बुधवार को पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू सोगाई पम्प कैनाल पहुंचे और कागजी दस्तावेज लहराते हुए मौजूदा विधायक की चुनौती को स्वीकार किया। उन्होंने तथ्यों को प्रस्तुत करते हुए सुशील सिंह पर तीखा हमला बोला।

पूर्व विधायक ने ऐतिहासिक कार्यों का किया जिक्र

इस दौरान मनोज सिंह डब्लू ने चंदौली के पंडित कमलापति त्रिपाठी द्वारा किए गए ऐतिहासिक विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी की उपलब्धियों को गिनाते हुए बताया कि सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में पंडित कमलापति त्रिपाठी ने किसान हित में 12 लिफ्ट कैनाल स्थापित किए थे। लेकिन इसके बाद किसी भी विधायक या जनप्रतिनिधि ने इन कैनालों की सुध नहीं ली। उन्होंने बताया कि मार्च 2012 में जब वे विधायक बने तो किसानों की सिंचाई समस्याओं को देखते हुए चार नए पम्प कैनाल स्थापित कराए।

समाजवादी सरकार में हुआ था कैनालों का सुदृढ़ीकरण

पूर्व विधायक ने बताया कि सपा सरकार के कार्यकाल में उन्होंने पंडित कमलापति त्रिपाठी द्वारा स्थापित पम्प कैनालों का सुदृढ़ीकरण एवं उनकी क्षमतावृद्धि कराई। साथ ही कैनालों को स्वतंत्र विद्युत फीडर से जोड़ा और दो-दो किलोमीटर पक्की लाइनिंग कराई गई। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में सैयदराजा में कुल 16 पम्प कैनाल किसानों की जरूरतें पूरी कर रहे थे और आज भी वही 16 पम्प कैनाल किसानों की सेवा में लगे हुए हैं। उन्होंने मौजूदा विधायक सुशील सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि उन्होंने कोई नया 17वां पम्प कैनाल स्थापित किया है तो उसे जनता को दिखाएं ताकि उनके विकास कार्यों का मूल्यांकन हो सके।

सुशील सिंह पर किया कटाक्ष

राजनीति से संन्यास लेने की चुनौती पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज सिंह डब्लू ने कटाक्ष किया कि इसकी कोई आवश्यकता नहीं है, बल्कि जरूरत इस बात की है कि विधायक अपने विकास कार्यों को जनता के सामने प्रस्तुत करें, जिन्हें जनता अब तक अपने चश्मे से देख नहीं पाई है। उन्होंने दावा किया कि आजादी के बाद से लेकर अब तक पंडित कमलापति त्रिपाठी और समाजवादी सरकार को छोड़कर किसी भी जनप्रतिनिधि ने सैयदराजा में कोई नया पम्प कैनाल स्थापित नहीं किया। उन्होंने मौजूदा विधायक को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे अपने कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को जनता के सामने रखें, ताकि सच्चाई सबके सामने आ सके।

सैयदराजा में राजनीतिक गहमागहमी के बीच यह मुद्दा अब और गरमाने की संभावना है। दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी से जनता भी इस बहस का हिस्सा बन रही है। देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में यह राजनीतिक लड़ाई किस दिशा में जाती है।