दो हिस्सों में बटी नंदन कानन एक्सप्रेस, टला बड़ा हादसा, यात्रियों में मचा हड़कंप

39

दो हिस्सों में बटी नंदन कानन एक्सप्रेस, टला बड़ा हादसा, यात्रियों में मचा हड़कंप

चंदौली : पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के रेलवे यार्ड में बड़ा हादसा होने से टल गया. दरअसल ट्रेन नम्बर 12816 डाउन नंदनकानन एक्सप्रेस का स्लीपर कोच S-5 से S-4 कोच अलग हो गया, जिससे ट्रेन दो भागों में बट गई. ट्रेन के दो भागों में बटते ही यात्रियों में हड़कम्प मच गया. बहरहाल ट्रेन की स्पीड कम होने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया. वही सूचना मिलते ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के अधिकारियों में हड़कंप मच गया. ट्रेन के दोनों हिस्सो को वापस पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन लाया गया. लगभग चार घण्टे यात्री परेशान रहे. वही ट्रेन को फिर से तैयार कर आगे के लिए रवाना किया गया.

दरअसल, सोमवार की रात आनंद विहार से पुरी जा रही डाउन नंदन कानन एक्सप्रेस (12816) पीडीडीयू जंक्शन (पूर्ववर्ती मुगलसराय) के आगे अचानक दो हिस्सों में बंट गई. यह घटना जंक्शन हट के पास हुई, जब ट्रेन के स्लीपर कोच एस-4 की कपलिंग टूट गई. गनीमत रही कि उस समय ट्रेन की गति धीमी थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

यात्रियों में मची अफरा तफरी

ट्रेन अपने निर्धारित समय शाम 06:25 बजे से तीन घंटे की देरी से पीडीडीयू जंक्शन पहुंची थी और रात 9:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 1 से गया की ओर रवाना हुई. स्टेशन से करीब छह किलोमीटर दूर अचानक कपलिंग टूटने से इंजन सहित छह कोच करीब 200 मीटर आगे बढ़ गए, जबकि एसी कोच, गार्ड बोगी सहित 15 अन्य डिब्बे पीछे रह गए. इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई.

ट्रेन को लाया गया पीडीडीयू स्टेशन

ट्रेन मैनेजर ने तुरंत चालक को सूचना दी, जिससे ट्रेन को रोका गया और कंट्रोल रूम को जानकारी दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया. स्टेशन अधीक्षक एस.के. सिंह ने बताया कि कपलिंग टूटने के कारण ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई थी. ट्रेन को वापस पीडीडीयू जंक्शन लाया गया, जहां टूटे कोच को काटकर अलग किया गया. मरम्मत कार्य के बाद रात 12:30 बजे ट्रेन को पुनः रवाना कर दिया गया. रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं.