डीडीयू स्टेशन पर आरपीएफ का विशेष चेकिंग अभियान, यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष जोर

33

डीडीयू स्टेशन पर आरपीएफ का विशेष चेकिंग अभियान, यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष जोर

चंदौली : यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डीडीयू जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक व्यापक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के नेतृत्व में संचालित हुआ, जिसमें डीडीयू पोस्ट के अधीनस्थ अधिकारियों, आरपीएफ जवानों एवं डॉग स्क्वॉड टीम की संयुक्त भागीदारी रही।

प्लेटफार्म, वेटिंग हॉल, पार्किंग व ट्रेनों में की गई सघन तलाशी

अभियान के दौरान डीडीयू स्टेशन के प्लेटफार्म, फुट ओवर ब्रिज (एफओबी), एसी वेटिंग हॉल, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग क्षेत्र और स्टेशन पर आने-जाने वाले वाहनों की गहनता से तलाशी ली गई। प्रत्येक स्थान पर आरपीएफ की टीमों ने सूझबूझ और सजगता के साथ जांच की, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा भी न हो और सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता बनी रहे।

यात्रियों की सुरक्षा, आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम रहा मुख्य उद्देश्य

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी रखना, संदिग्ध वस्तुओं की पहचान करना, विस्फोटक या प्रतिबंधित सामग्री की जांच करना तथा तस्करी जैसी घटनाओं की रोकथाम करना रहा।

डॉग स्क्वायड टीम भी रही अभियान में सक्रिय रूप से शामिल

डॉग स्क्वॉड की मदद से प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल एवं ट्रेन के डिब्बों में विशेष सर्च अभियान चलाया गया। वहीं, सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग स्थल पर आने-जाने वाले वाहनों की भी बारीकी से जांच की गई। आरपीएफ की सतर्कता और प्रभावी कार्रवाई के चलते अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं पाई गई। पूरे परिसर की स्थिति सामान्य रही।

आरपीएफ ने यात्रियों से सतर्क रहने और सहयोग की अपील

आरपीएफ ने आम यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन परिसर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों को दें और सतर्कता बनाए रखें। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष चेकिंग अभियान भविष्य में भी समय-समय पर जारी रहेंगे।

इस सघन तलाशी अभियान में उप निरीक्षक अर्चना मीणा, सहायक उप निरीक्षक मिथिलेश सिंह, शिवशंकर सिंह यादव, भूपेंद्र यादव और अशोक यादव ने भी विशेष रूप से सक्रिय भूमिका निभाई। इनकी तत्परता और समर्पण ने अभियान को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।

यह अभियान डीडीयू स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।