गंगा नहर में नहाने गईं सात लड़कियों में दो की डूबने से मचा कोहराम, रेस्क्यू अभियान जारी
चंदौली : जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सोमवार की दोपहर वार्ड नंबर 3 स्थित काशीपुर महेवा गांव के पास गंगा नहर में नहाने गईं सात लड़कियों में से दो गहरे पानी में डूब गईं। इस हृदयविदारक घटना से इलाके में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, सभी लड़कियां मुसहर बस्ती, वार्ड नंबर 3 की निवासी थीं और गर्मी के कारण राहत पाने के लिए गंगा नहर में नहाने गई थीं। नहाते समय अचानक पानी का तेज बहाव बढ़ गया, जिससे संगीता (20 वर्ष) और अनिता (12 वर्ष), पुत्रियाँ पन्ना लाल, गहरे पानी में चली गईं और देखते ही देखते लापता हो गईं। स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता से अन्य पांच लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन संगीता और अनिता का कुछ पता नहीं चल सका।
प्रशासन की तत्परता
घटना की जानकारी मिलते ही अलीनगर थाना प्रभारी विनोद मिश्रा अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू करवाया। साथ ही एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) और एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) को सूचना देकर रेस्क्यू टीम को बुलाया गया।
रेस्क्यू अभियान जारी
गोताखोरों की मदद से दोनों लड़कियों की तलाश तेजी से की जा रही है। वहीं, स्थानीय ग्रामीण भी पूरे समर्पण के साथ बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहर पूरी तरह लबालब थी और पानी का बहाव अत्यंत तेज था, जिससे हादसा हुआ। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
फिलहाल प्रशासन और रेस्क्यू टीमें दोनों लड़कियों की तलाश में जुटी हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। इस दुखद घटना ने एक बार फिर जलस्रोतों में सुरक्षा की गंभीर आवश्यकता की ओर ध्यान खींचा है।


















