विश्वकर्मा उत्थान मंच के सदस्यों ने राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा को किया आमंत्रित, 30 जून को चकिया में आयोजित होगा स्मृति समारोह

104

विश्वकर्मा उत्थान मंच के सदस्यों ने राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा को किया आमंत्रित, 30 जून को चकिया में आयोजित होगा स्मृति समारोह

चंदौली : विश्वकर्मा उत्थान मंच के सदस्यों ने सोमवार को प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा से उनके वाराणसी स्थित आवास पर शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें 30 जून को चकिया आगमन के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया।

मंच के प्रतिनिधिमंडल में शैलेश चंद्र शर्मा, अनीता शर्मा, विजय विश्वकर्मा, राजेश विश्वकर्मा, विष्णु प्रसाद विश्वकर्मा एवं अवधेश विश्वकर्मा शामिल रहे। सभी सदस्यों ने राज्य मंत्री को आमंत्रण पत्र सौंपते हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया।

बताया गया कि चकिया क्षेत्र के दिरेहूं गांव निवासी रिटायर्ड प्रधानाध्यापक एवं प्रख्यात साहित्यकार स्वर्गीय डॉ. रामकिशोर शर्मा ‘बेहद’ की पांचवीं स्मृति शेष समारोह का आयोजन आगामी 30 जून को गुरुदेव वाटिका, चकिया में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, साहित्यकार एवं समाजसेवी शामिल होंगे।

समारोह के लिए मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा को आमंत्रित किया गया है। विश्वकर्मा उत्थान मंच के सदस्यों ने उनके कंचनपुर स्थित आवास पर पहुंचकर कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की और उनकी उपस्थिति का अनुरोध किया।

राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने का भरोसा दिया। उनके आश्वासन से मंच के सदस्यों और क्षेत्रीय लोगों में उत्साह का माहौल है। आयोजकों का कहना है कि मंत्री की उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ेगी तथा स्वर्गीय डॉ. रामकिशोर शर्मा ‘बेहद’ को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।