डीडीयू जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल की बड़ी कार्रवाई, 35.60 लाख रुपये नकद बरामद, आयकर विभाग कर रहा जांच

78

डीडीयू जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल की बड़ी कार्रवाई, 35.60 लाख रुपये नकद बरामद, आयकर विभाग कर रहा जांच

चंदौली : पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बुधवार की रात एक बड़ी सफलता हासिल की। गश्त और चेकिंग के दौरान टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर उसके पास से ₹35 लाख 60 हजार रुपये नकद बरामद किए। आरोपी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। मामला संदिग्ध पाते हुए बरामद नकदी को आयकर विभाग के हवाले कर दिया गया। फिलहाल, आयकर विभाग रकम के स्रोत की जांच में जुटा है।

गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी नजर

रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट डीडीयू के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के नेतृत्व में उप निरीक्षक अमरजीत दास, सुनील कुमार, आरक्षी पवनेश कुमार सिंह, जीआरपी डीडीयू के उप निरीक्षक संदीप कुमार शर्मा एवं आरक्षी भगवान सिंह (CPDS/DDU) सहित पूरी टीम डीडीयू जंक्शन पर नियमित गश्त और चेकिंग कर रही थी।

रात्रि करीब 7:50 बजे, टीम की नजर एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी, जो एक पिट्ठू बैग और दो झोले लेकर पैदल गामी पुल पर तेज कदमों से जा रहा था। उसकी घबराहट और जल्दबाजी देख टीम को संदेह हुआ और उसे तुरंत रोककर पूछताछ की गई।

पिट्ठू बैग में मिला 35.60 लाख रुपये नकद

पहले तो व्यक्ति ने दावा किया कि बैग में दैनिक उपयोग का सामान है, लेकिन टीम की सतर्कता से जब उसके सामने ही पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से ₹35,60,000/- (पैंतीस लाख साठ हजार रुपये) नकद बरामद हुए।

पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम आशीष दुआ, उम्र लगभग 39 वर्ष, पुत्र मदन चंद्र दुआ, निवासी सूरतपुर, हरिरामपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल बताया। जब उससे नकदी से संबंधित कागजात मांगे गए, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने सिर्फ इतना बताया कि यह रकम वाराणसी से पश्चिम बंगाल ले जा रहा था।

आयकर विभाग को सौंपी गई रकम

बरामद नकदी और अन्य सामान के साथ आरोपी आशीष दुआ को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट डीडीयू लाया गया। मामला आयकर विभाग से संबंधित होने के कारण तत्काल सूचना आयकर विभाग, वाराणसी को दी गई। इसके बाद, आयकर अधिकारी राजेश कुमार एवं MTS दीपक कुमार रात्रि लगभग 11 बजे डीडीयू पहुंचे। उनके समक्ष आरोपी आशीष दुआ एवं बरामद नकदी ₹35.60 लाख को औपचारिक रूप से सौंप दिया गया।

आयकर विभाग कर रहा जांच

आयकर विभाग की टीम ने आरोपी से गहन पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल बरामद नकदी को विभाग ने जब्त कर लिया है। अधिकारी रकम के स्रोत, उपयोग और मालिक की जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, इस रकम से जुड़े बड़े खुलासे हो सकते हैं।

अधिकारियों की सतर्कता से मिली सफलता

आरपीएफ और जीआरपी की सतर्कता से इतनी बड़ी रकम पकड़ी जा सकी। जंक्शन पर लगातार गश्त और कड़ी चेकिंग से ही इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों पर नकेल कसी जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि रेलवे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है, ताकि इस तरह के मामलों पर तुरंत कार्रवाई हो सके।