मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का बीएसए ने किया औचक निरीक्षण, निर्माण कार्य में मिली खामियों पर जताई नाराजगी, मानकों के अनुरूप कार्य पूरा कराने के दिए सख्त निर्देश
चंदौली : चकिया क्षेत्र के गणेशपुर में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सचिन कुमार ने रविवार को औचक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय भवन के निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने मौके पर उपलब्ध सामग्री गुणवत्ता परीक्षण मशीन की कार्यप्रणाली को भी देखा। उन्होंने निर्माण में इस्तेमाल की जा रही ईंट, सीमेंट, कंक्रीट सहित अन्य सामग्री की गुणवत्ता को मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय निर्माण में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की चारदीवारी समेत कुछ अन्य निर्माण कार्यों में कमियां और खामियां सामने आईं। इस पर बीएसए ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को तत्काल कमियां दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही निर्माण कार्य कराया जाए और गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
बीएसए ने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बच्चों के बेहतर शैक्षिक वातावरण और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। ऐसे में निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि गुणवत्ता में कमी या मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा निर्माण कार्य से जुड़े अभियंता मौजूद रहे।


















