कांटा साइफन के पास सड़क पर गिरा विशालकाय पेड़, घंटों से ठप पड़ा आवागमन, लोगों में रोष
चंदौली : लगातार हो रही बारिश ने जिले के ग्रामीण इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। गुरुवार को चंदौली क्षेत्र के कांटा साइफन स्थित कम्पोजिट शॉप के पास सड़क पर अचानक एक विशालकाय पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि यह सड़क आसपास के कई गांवों को जोड़ती है, ऐसे में पेड़ गिरने से मुख्य संपर्क मार्ग पूरी तरह से ठप हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी न तो कोई सक्षम अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही पेड़ हटाने की कोई व्यवस्था की गई। इस लापरवाही के चलते लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
जल्द कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल पेड़ हटाकर मार्ग को बहाल करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही पेड़ नहीं हटाया गया तो वे सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। फिलहाल, इस मार्ग पर आवागमन अवरुद्ध है और लोग प्रशासन से राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।


















