वार्षिक सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता संपन्न, विद्यार्थियों को मिला सम्मान, एआई सीखने पर जोर
चंदौली : रोजगारपरक कम्प्यूटर प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट पहचान बना चुकी मुगलसराय के रविनगर स्थित न्यू मीडियाकॉम एकेडमी के प्रांगण में बुधवार को वार्षिक सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण समारोह बड़े ही उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के शिक्षाविद, विशिष्ट अतिथि, संस्था के पदाधिकारी, विद्यार्थी और अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
डॉ. विनय प्रकाश तिवारी का एआई पर प्रेरक संबोधन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, डैडीज इंटरनेशनल स्कूल एवं इंवेस्टिंग डैडी के संस्थापक तथा एल टी पी कैलकुलेटर के आविष्कारक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के महत्व पर विशेष जोर देते हुए कहा कि “जिस प्रकार शुरुआती दौर में कम्प्यूटर सीखने वाले आज करियर की ऊंचाइयों पर हैं, उसी तरह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में निपुण विद्यार्थी अगले 20 वर्षों में अपने करियर की नई ऊँचाइयों को छुएंगे। आने वाला समय उन्हीं का होगा, जो तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेंगे।”
उन्होंने न्यू मीडियाकॉम एकेडमी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस संस्था ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराकर अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुंचाया है।
डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव ने मीडियाकॉम के प्रयास को सराहा
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि, डैडीज इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंध निदेशक एवं प्रिंसिपल डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि “पिछले दो दशकों से न्यू मीडियाकॉम एकेडमी द्वारा विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करने का जो सतत प्रयास किया जा रहा है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है।” उन्होंने बताया कि उनका विद्यालय गुणवत्तापरक शिक्षा के कारण ग्रामीण क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। विशेष बात यह है कि यहां कक्षा 7 के विद्यार्थी भी एआई चैटबॉट बनाकर अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन कर रहे हैं।
विद्यार्थियों की बहुमुखी प्रतिभा का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। विजेताओं में रंजीत सिंह, गुंजा, तौहीद अंसारी, विवेक सोनी, स्वाति, अदिति पाण्डेय, अराध्या पाठक, सार्थक, प्रिंसी दुबे, शुभम गुप्ता एवं श्रेयांस पाठक शामिल रहे। वहीं इंटरनल एकेडमिक असेसमेंट में किशन, आयनैन मेराज, करन पटेल, सुरुचि सिंह और पायल यादव को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। हिमांशी, अनामिका, कृतिका चक्रवर्ती, आरज़ू खान और सुहानी कुमारी द्वारा प्रस्तुत नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
संस्था के प्रयास और धन्यवाद ज्ञापन
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सुमित जेटली, संदीप कुमार, दीपक शर्मा, सोनम गुप्ता, आकाश और अंशिका गुप्ता ने सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन स्वाति एवं सोनम यादव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संस्था के प्रबंध निदेशक सत्यप्रकाश तिवारी ने प्रस्तुत किया।
सत्यप्रकाश तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि “हमारा उद्देश्य केवल कम्प्यूटर शिक्षा जैसे टैली और ट्रिपल सी तक सीमित नहीं है, बल्कि हम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए एक्स्ट्रा करिकुलर गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हैं।”
न्यू मीडियाकॉम एकेडमी की उपलब्धियाँ
न्यू मीडियाकॉम एकेडमी पिछले दो दशकों से पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर और आसपास के क्षेत्रों में युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा प्रदान कर रही है। यहाँ से प्रशिक्षित सैकड़ों विद्यार्थी आज देश-विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्यरत हैं, जो संस्था की गुणवत्ता और समर्पण का प्रमाण है।


















