फर्जी आधार कार्ड से खरीदी थी मैजिक, गोवध के मामले में ₹25 हजार का इनामी गिरफ्तार, सैयदराजा पुलिस ने चंदौली से दबोचा, एक साल से चल रहा था फरार

9

फर्जी आधार कार्ड से खरीदी थी मैजिक, गोवध के मामले में ₹25 हजार का इनामी गिरफ्तार, सैयदराजा पुलिस ने चंदौली से दबोचा, एक साल से चल रहा था फरार

चंदौली : गोवंश को वध के लिए बिहार ले जाने के मामले में फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी आरोपी को सैयदराजा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी श्यामबली राम को मुखबिर की सूचना पर 18 सितंबर को चंदौली से गिरफ्तार किया। विवेचना के दौरान पुलिस के सामने यह भी आया कि जिस टाटा मैजिक वाहन का इस्तेमाल गोवंश को ले जाने में किया गया था, उसे आरोपी ने फर्जी आधार कार्ड के जरिए खरीदा था।

पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो टाटा मैजिक वाहनों में गोवंशीय पशुओं को लादकर वध के लिए बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही सैयदराजा पुलिस ने बगही कुंभापुर के पास एनएच-2 की उत्तरी लेन पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान पुलिस ने BR24GB7941 नंबर की टाटा मैजिक को रोककर तलाशी ली। वाहन में दो गोवंशीय पशु क्रूरता पूर्वक लदे मिले। पुलिस ने मौके से राहुल कुमार और अरबिंद तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दूसरी मैजिक UP64T6823 का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

ई-चालान ऐप से वाहन की जांच करने पर उसका पंजीकृत स्वामी श्यामबली राम पुत्र मुन्नर राम पाया गया। इसके बाद पुलिस ने श्यामबली राम की तलाश शुरू कर दी। मामले में सैयदराजा थाने में गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं के साथ बीएनएस की धारा 109 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच में खुला फर्जी आधार का राज

विवेचना आगे बढ़ने पर पुलिस को वाहन खरीद में भी फर्जीवाड़े के साक्ष्य मिले। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से कूटरचित आधार कार्ड तैयार कराया और उसी के आधार पर वाहन खरीदा था। वाहन के आरसी दस्तावेज, इस्तेमाल किए गए आधार कार्ड और आरोपी के मूल आधार कार्ड का मिलान करने पर फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।

साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 318(4), 319, 338, 336 और 340 की भी बढ़ोतरी की। लगातार फरारी के चलते आरोपी पर ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 18 सितंबर को चंदौली में घेराबंदी कर श्यामबली राम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, कांस्टेबल शंकर राम एवं कांस्टेबल बृजेश चौहान शामिल रहे।