सकलडीहा पुलिस का शिकंजा, चोरी के माल का खरीदार बेनकाब, संजय सेठ गिरफ्तार, 5 हजार नकदी बरामद

26

सकलडीहा पुलिस का शिकंजा, चोरी के माल का खरीदार बेनकाब, संजय सेठ गिरफ्तार, 5 हजार नकदी बरामद

चंदौली : सकलडीहा पुलिस ने घर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चार बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है, जबकि चोरी का सामान खरीदने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का सामान बेचकर मिले ₹5,000 नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को ग्राम पोस्ट व थाना सकलडीहा निवासी शुभम आर्य के घर में अज्ञात चोरों ने दरवाजे का लॉक तोड़कर कमरों में रखे बिजली के तार, बोर्ड, मोटर, पंखे समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना सकलडीहा में मु0अ0सं0 186/2026, धारा 331(3)/305(a) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 21 सितंबर की सुबह करीब 5:30 बजे सकलडीहा हरिजन बस्ती मोड़ से चोरी की घटना में संलिप्त चार बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान चोरी का सामान खरीदने वाले संजय सेठ पुत्र स्व० जवाहिर सेठ (लगभग 35 वर्ष), निवासी सकलडीहा को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि चोरी का सामान बेचने से प्राप्त ₹5,000 की नकदी बरामद हुई है। मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इनकी रही अहम भूमिका

चोरी की घटना का खुलासा करने वाली टीम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक अभिमन्यू राय, उपनिरीक्षक रामायन निषाद, हेड कांस्टेबल सुजीत कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र प्रसाद तथा कांस्टेबल हृदेश चक्रवर्ती शामिल रहे।