एक साल से अधूरी सड़क और सीवर नाली, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, जलजमाव और कीचड़ से परेशान ग्रामीणों ने जल्द निर्माण पूरा कराने की उठाई मांग, आंदोलन की चेतावनी

10

एक साल से अधूरी सड़क और सीवर नाली, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, जलजमाव और कीचड़ से परेशान ग्रामीणों ने जल्द निर्माण पूरा कराने की उठाई मांग, आंदोलन की चेतावनी

चंदौली : चहनियां क्षेत्र के ग्राम सभा सरौली में करीब एक वर्ष से सड़क और सीवर नाली का निर्माण अधूरा पड़ा होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण दिवाकर ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व ठेकेदार की ओर से सड़क और सीवर नाली का निर्माण शुरू कराया गया था। निर्माण के दौरान पुरानी सड़क को खोदकर सीवर पाइप तो बिछा दिए गए, लेकिन इसके बाद सड़क को उसी स्थिति में छोड़ दिया गया। लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण बारिश और सीवर का पानी जमा हो रहा है। इससे लोगों के घरों के सामने जलजमाव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार जलभराव के कारण छोटे बच्चों को घरों से बाहर निकलने और खेलने-कूदने में भी परेशानी हो रही है। आए दिन राहगीर और बच्चे कीचड़ में फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उन्हें चोटें भी लग रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद सड़क निर्माण पूरा कराने को लेकर जिम्मेदार गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

सड़क निर्माण में हो रही देरी से नाराज ग्रामीणों ने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जल्द कार्य पूरा कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

प्रदर्शन करने वालों में महेंद्र, रोहित, मोहित, दिवाकर, मिठाई, गोलू, धनंजय, रामबली, सबूलाल सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे।