विषैले सर्प के डंसने से 13 वर्षीय बालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के महमदपुर (रामगढ़) गांव में सोमवार को विषैले सर्प के डंसने से 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग मृतक के घर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी संजय यादव का 13 वर्षीय पुत्र हर्ष यादव घर में रखे उपलों के पास किसी काम से गया था। इसी दौरान उपलों में छिपे विषैले सर्प ने उसे डंस लिया। सर्पदंश के बाद परिजन बालक को बचाने के लिए तत्काल प्रयास में जुट गए, लेकिन उसकी हालत बिगड़ती गई और उसकी मौत हो गई।
हर्ष की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इकलौते पुत्र की असमय मौत से पिता संजय यादव और मां सुषमा यादव सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मृतक के दरवाजे पर जुट गई। बालक की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्राम प्रधान गुड्डू विश्वकर्मा ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी दी।


















