विश्व कल्याण की कामना से पुरुषोत्तम मास में अखंड रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ
चंदौली : जनपद के सकलडीहा क्षेत्र अंतर्गत तेनुवट गांव स्थित हनुमान मंदिर ठाकुरवाड़ी परिसर में विश्व कल्याण, मानव रक्षा एवं समस्त जीव-जंतुओं के मंगल की कामना के साथ पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर रविवार 17 मई से अखंड रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ किया गया। यह धार्मिक अनुष्ठान पूरे एक माह तक निरंतर चलेगा, जिसमें गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागिता करेंगे। पूरे गांव में इस धार्मिक आयोजन को लेकर उत्साह, उल्लास और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है।
मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, भक्ति गीतों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में अखंड रामचरितमानस पाठ के आयोजन की यह चौथी कड़ी है। इस धार्मिक परंपरा की शुरुआत लगभग दस वर्ष पूर्व गुरुदेव नागा बाबा की प्रेरणा से ब्रह्मलीन आचार्य कृष्णकांताचार्य जी महाराज द्वारा की गई थी। उनके मार्गदर्शन में शुरू हुआ यह आयोजन अब गांव की स्थायी धार्मिक परंपरा बन चुका है।
तभी से प्रत्येक पुरुषोत्तम मास में गांव के लोग सामूहिक रूप से अखंड रामचरितमानस पाठ, पूजन-अर्चन एवं विशाल भंडारे का आयोजन करते आ रहे हैं। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर संत सुनील दास ने ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं के साथ विधिवत संकल्प लेकर पाठ का शुभारंभ कराया।
इस अवसर पर संत सुनील दास ने कहा कि धर्म, सेवा और भक्ति के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा ऐसे आयोजन न केवल जनकल्याण का माध्यम बनते हैं, बल्कि सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में यज्ञाचार्य रामविलाश पांडे ने सहयोगी अश्विनी मिश्र के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। इस मौके पर सुमंत चौबे, हरिकृष्ण पांडे, विजय कुमार पांडे, रमाकांत पांडे, राजीव दीक्षित (पूर्व प्रधान), केदार दीक्षित, सुभाष पांडे, राजेश दीक्षित, रविकांत पांडे, अखिल कुमार पांडे, राजेंद्र पांडे, गोविंद पांडे, संतोष पांडे, संजय पांडे, अंबरीष कुमार पांडे, अनिल कुमार तिवारी, परमानंद पांडे, रविंद्र पांडे, जयशंकर पांडे और बनारसी खैरवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।


















