चंदौली पुलिस का बड़ा एक्शन, अंतर्राज्यीय हाईवे लूट गिरोह का भंडाफोड़, मुठभेड़ में 1 घायल समेत 4 गिरफ्तार

159

चंदौली पुलिस का बड़ा एक्शन, अंतर्राज्यीय हाईवे लूट गिरोह का भंडाफोड़, मुठभेड़ में 1 घायल समेत 4 गिरफ्तार

चंदौली : जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चन्दौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना चंदौली पुलिस और स्वाट/एसओजी की संयुक्त टीम ने हाईवे पर लूटपाट करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक अवैध असलहा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस और 2045 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

दरअसल, 17 मई 2026 को अमेठी निवासी ज्ञानेन्द्र तिवारी ने थाना चंदौली में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह वाराणसी से बिहार जा रहे थे। इसी दौरान भगवानपुर नहर के पास चार अज्ञात बदमाशों ने उनकी गाड़ी रुकवाकर मारपीट की और उनसे 42 हजार रुपये नकद लूट लिए। मामले में थाना चंदौली पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस मुठभेड़ में 1 बदमाश घायल, पैर में लगी गोली

जांच के दौरान 18 मई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हाईवे पर लूटपाट करने वाला गिरोह भगवान तालाब के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना चंदौली पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उपेंद्र यादव नामक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके तीन अन्य साथियों को मौके से दबोच लिया गया।

महिला का भेष बनाकर हाईवे पर करते थे लूटपाट

पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे हाईवे और सुनसान इलाकों में राहगीरों और वाहन चालकों को निशाना बनाते थे। कई बार गिरोह के सदस्य महिला का भेष धारण कर या मदद मांगने के बहाने वाहन रुकवाते थे और फिर चालक के साथ मारपीट कर नगदी, मोबाइल और अन्य कीमती सामान लूट लेते थे।

बिहार और चंदौली के बदमाशों का अंतर्राज्यीय नेटवर्क उजागर

गिरफ्तार अभियुक्तों में बिहार के मोहनिया निवासी उपेंद्र यादव, चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र निवासी मंजय कुमार, बहादुर ठठेरा और मुस्तफा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी उपेंद्र यादव पर बिहार में लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

अपराध करेंगे तो बचेंगे नहीं

इस सफल कार्रवाई में थाना चंदौली के प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वरी पाण्डेय सहित थाना पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम के कई अधिकारियों एवं जवानों की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।