चकिया में शिक्षा चौपाल का भव्य आयोजन: जनभागीदारी से बढ़ेगा नामांकन, सेवानिवृत्त शिक्षिका को भावभीनी विदाई

127

चकिया में शिक्षा चौपाल का भव्य आयोजन: जनभागीदारी से बढ़ेगा नामांकन, सेवानिवृत्त शिक्षिका को भावभीनी विदाई

चंदौली : महानिदेशक बेसिक शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार शनिवार को चकिया क्षेत्र के संकुल अमरा उत्तरी स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में निपुण भारत मिशन के तहत “शिक्षा चौपाल” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनभागीदारी को सशक्त बनाते हुए बच्चों के नामांकन, ठहराव एवं डिजिटल शिक्षण को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम नोडल शिक्षक संकुल गंगाधर गोपाल के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें शिक्षा के प्रति जागरूकता और सहभागिता पर विशेष जोर दिया गया।

इसी अवसर पर 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हो रही शिक्षिका श्रीमती ॠचा वर्मा का भावभीना विदाई समारोह भी आयोजित किया गया। उपस्थित जनसमूह ने उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चकिया के विधायक कैलाश आचार्य उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में बच्चों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए कहा कि “जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर अध्ययन, समयबद्धता और अनुशासन बेहद आवश्यक हैं।”

कार्यक्रम का संचालन पीएम श्री विद्यालय केराडीह के राजीव कुमार सिंह द्वारा किया गया। विद्यालय के बच्चों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को सांस्कृतिक रंग से सराबोर कर दिया।

इस दौरान एआरपी अजीत कुमार सिंह और अजय कुशवाहा ने शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही मातृ शक्ति को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

विशेष रूप से, विद्यालय के पूर्व छात्र किशन गुप्ता, जिनका चयन उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती में हुआ है, उनके पिता को भी सम्मानित किया गया। साथ ही, विधायक कैलाश आचार्य एवं नोडल शिक्षक गंगाधर गोपाल द्वारा शिक्षिका नूतन पटेल को भी सम्मानित किया गया, जो वर्तमान में प्राथमिक विद्यालय दूबेपुर में कार्यरत हैं।

अंत में एडवोकेट वीरेन्द्र जी ने सभी उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

शिक्षा चौपाल” जैसे आयोजनों से न केवल शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है, बल्कि समाज और विद्यालय के बीच मजबूत सेतु भी स्थापित होता है, जो भविष्य में बेहतर शैक्षिक वातावरण की नींव रखता है।

इस अवसर पर के के सिंह, ओमप्रकाश सिंह, संतोष यादव, तौसीफ खान, चन्द्रशेखर गुप्ता, नरेंद्र प्रताप सिंह, सत्येन्द्र नारायण सिंह, दीपक गुप्ता, राजकुमार सिंह, काशीनाथ, सुनील कुमार, दिनेश सोनकर, आलोक, बेचू राम, नेहा वर्मा, मीना राय, ऊषा श्रीवास्तव, किरन, नूतन पटेल, शशि किरन, ॠचा वर्मा, कनकलता, अर्चना पाल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक, शिक्षा मित्र एवं अनुदेशक उपस्थित रहे।