चंदौली में प्रशासनिक व्यवस्था पर सख्त हुए मंडलायुक्त, कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण, कलेक्ट्रेट की व्यवस्थाओं की खुली पोल
चंदौली : प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने शुक्रवार को चंदौली कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट के विभिन्न महत्वपूर्ण अनुभागों में व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई, जिसमें कई गंभीर खामियां उजागर हुईं।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) न्यायालय, नजारत अनुभाग, अभिलेखागार, भूलेख अनुभाग समेत कई पटलों का बारीकी से निरीक्षण किया। नजारत अनुभाग में पहले से दिए गए निर्देशों के बावजूद जीपीएफ पासबुक अपडेट न होने तथा वर्ष 2024 के बाद कर्मचारियों की सेवा सत्यापन न किए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। इसे प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए उन्होंने उप जिलाधिकारी/प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट (ओसी) से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में नजीर आशीष सिंह की कार्यशैली पर असंतोष जताते हुए उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि देने का आदेश भी दिया गया। मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सरकारी अभिलेखों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अभिलेखागार और भूलेख अनुभाग के निरीक्षण में भी कई अनियमितताएं सामने आईं। नक्शा और नकल जारी करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी पाई गई। इस पर मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक आवेदनकर्ता का नाम और मोबाइल नंबर रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।
इसके अलावा बस्ता सूची में विवरण का अभाव और भूलेख पासबुक में वर्ष 2024 के बाद सत्यापन न होने पर भी उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। मंडलायुक्त ने प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट को निर्देशित किया कि रोस्टर के अनुसार नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्यप्रणाली में सुधार हो सके।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि आम जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर और समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, उप जिलाधिकारी/प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट विजय कुमार, उप जिलाधिकारी सदर दिव्या ओझा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









