चकिया में भक्ति और उत्साह का सैलाब, धूमधाम से निकली भव्य रामनवमी शोभा यात्रा

412

चकिया में भक्ति और उत्साह का सैलाब, धूमधाम से निकली भव्य रामनवमी शोभा यात्रा

चंदौली : विगत वर्षों की परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी चकिया नगर में हिन्दू युवा वाहिनी के तत्वाधान में रामनवमी के पावन अवसर पर भव्य शोभा यात्रा हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ निकाली गई। पूरे नगर में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला, जहां श्रद्धालु रामभक्ति में सराबोर नजर आए।

एक माह की तैयारी लाई रंग

शोभा यात्रा की तैयारियां लगभग एक माह पूर्व से ही शुरू कर दी गई थीं। हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने नगर के विभिन्न हिस्सों में भगवा ध्वज लगाकर वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। साथ ही घर-घर जाकर लोगों से जनसंपर्क कर उन्हें इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया।

राम दरबार से काली मां तक मनमोहक झांकियां

रामनवमी शोभा यात्रा के दौरान आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इसमें राम दरबार, भगवान शिव-पार्वती, मां काली सहित अन्य देवी-देवताओं की मनमोहक झलकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें देखने के लिए सड़कों के दोनों ओर भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया।

हरिकीर्तन से हुई भक्ति की शुरुआत

यात्रा से एक दिन पूर्व ठाकुर बाग स्थित रामजानकी मंदिर में रात्रि 8 बजे से भव्य हरिकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान श्रीराम के गुणगान से वातावरण गूंज उठा। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे रहे।

भक्ति और उत्साह का दिखा अद्भुत संगम

रामनवमी के दिन शोभा यात्रा रामजानकी मंदिर से प्रारंभ होकर ब्लॉक तिराहा, निर्भयदास, सहदुल्लापुर, गांधी पार्क, सरकारी अस्पताल मार्ग होते हुए मोहम्मदाबाद से गुजरकर सरस्वती शिशु मंदिर पर पहुंचकर सम्पन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालु “जय श्री राम” और “हर हर महादेव” के जयघोष के साथ उत्साहपूर्वक शामिल रहे।

पुलिस-प्रशासन की मुस्तैदी से दिखा भरोसा

इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। नगरवासियों की सक्रिय भागीदारी और सहयोग से यह आयोजन एक बार फिर धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक बन गया।