यूपी में स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटर व्यवस्था खत्म, अब पोस्टपेड मोड में मिलेगा बिल
चंदौली : उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्यभर में लगे सभी स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटरों को पोस्टपेड मोड में संचालित करने का बड़ा फैसला लिया है। पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नितीश कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आरडीएसएस योजना के तहत स्थापित सभी स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को तत्काल प्रभाव से पोस्टपेड प्रणाली में बदला जा रहा है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब उपभोक्ताओं को बिजली की खपत के बाद बिल प्राप्त होगा। सरकार का कहना है कि उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट प्रीपेड प्रणाली को समाप्त कर पोस्टपेड व्यवस्था लागू की जा रही है।
बताया गया कि उपभोक्ताओं को हर महीने की 10 तारीख तक बिजली बिल जारी कर दिया जाएगा। बिल की जानकारी एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से सीधे उपभोक्ताओं के मोबाइल पर उपलब्ध कराई जाएगी। जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर बिजली विभाग के सिस्टम में पंजीकृत नहीं हैं, उनके लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
बिजली बिलों को लेकर उपभोक्ताओं द्वारा की जा रही शिकायतों के समाधान के लिए विभाग ने विशेष पहल भी शुरू की है। 15 मई 2026 से 30 जून 2026 तक अधिशासी अभियंता और उपखंड अधिकारी कार्यालयों पर स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों के निस्तारण हेतु विशेष काउंटर और कैंप लगाए जाएंगे।
इसके अलावा उपभोक्ता संबंधित बिजली वितरण निगम के व्हाट्सएप चैटबॉट और 1912 हेल्पलाइन के माध्यम से भी अपने बिजली बिल की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।


















